
मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण में अपराधी बेखौफ हो गए हैं. जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने बिजली मिस्त्री के मिस्त्री की गोली मारकर कर दी. मृतक का शव अजगरवा सिसहनी पंचायत नहर के पास धान के पुआल पर पड़ा हुआ था.
मोतिहारी में बिजली मिस्त्री की हत्या : ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मृतक की पहचान अजगरवा सिसहनी पंचायत के रहने वाले विवेक कुमार सिंह के रूप में हुई है.
‘गाड़ी से आए और साथ ले गए ‘ : मृतक की पत्नी काजल देवी ने बताया कि, ”कल शाम में गांव के ही ललित सिंह, रौशन सिंह, वार्ड सदस्य प्रिंस सिंह और रंजीत सिंह गाड़ी से आए और अपने साथ चलने के लिए कहा. मैंने मना किया, लेकिन वह उनलोगों के साथ चले गए. रात में पंद्रह सेकेंड के लिए एक बार बात हुई. रात लगभग एक बजे तक उनके मोबाइल पर रिंग हुआ, लेकिन उसके बाद फोन बंद हो गया. जिनके साथ गए थे उन्हीं लोगों ने उनकी हत्या किसी अन्य जगह पर करने के बाद गांव के पास नहर किनारे फेंक दिया.”
‘जमीन रजिस्ट्री का दबाव बनाते थे’ : आरोपियों के साथ किसी तरह के दुश्मनी के सवाल पर मृतका की पत्नी काजल देवी ने बताया कि मेरे घर के पीछे जमीन है. उसी पर उनलोगों की नजर थी क्योंकि उनलोगों के पास घरारी की जमीन नहीं है. उसी जमीन का रजिस्ट्री कर देने को लेकर मेरे पति पर वे लोग दबाव बनाते थे. जबकि मैं विरोध करती थी.
‘पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के अजगरी गांव के एक युवक की हत्या का मामला संज्ञान में आया है. एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. घटना की जांच के लिए पकड़ीदयाल डीएसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है. जिनके द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है. इस मामले में आरोपी ललित सिंह और प्रिंस सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. शेष दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.”– स्वर्ण प्रभात, एसपी, पूर्वी चंपारण
