Sunday, May 31, 2026

 बिहार में गर्मी से मिली राहत जल्द ही खत्म होगी, क्योंकि 4 से 6 जून के बीच भीषण लू की वापसी की संभावना है।

Share

 बिहार के लोगों को गर्मी से मिली राहत अब जल्द ही खत्म होने वाली है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है।

जहां एक तरफ आज भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी है, वहीं जून के पहले सप्ताह में भीषण लू (Heat Wave) की वापसी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार कल पटना, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, अररिया, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। वहीं, कल यानी 1 जून को पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

4 से 6 जून के बीच लू का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में 4 जून से 6 जून 2026 के दौरान फिर से भीषण लू (Heat Wave) चलने की आशंका है।

जून के शुरुआती दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को एक बार फिर चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

आज भी आंधी-बारिश के आसार

31 मई को बिहार में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पिछले 24 घंटों का हाल

बीते 24 घंटों में बिहार के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी चंपारण में कुछ स्थानों पर 7 सेंटीमीटर (भारी वर्षा) तक पानी बरसा है, जिससे स्थानीय तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी।

Read more

Local News