Friday, May 15, 2026

बिहार पुलिस में सिपाही से दारोगा तक 48 हजार से अधिक नए पदों को मंजूरी मिली है।

Share

पटना। बिहार पुलिस में सिपाही से लेकर दारोगा तक के 48 हजार से अधिक नए पदों का सृजन बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में किया गया है। इसमें 37,978 पदों पर सीधी बहाली (Bihar Police Recruitment) होगी, जबकि दारोगा के 10 हजार 468 पद प्रोन्नति से भरे जाएंगे।

बिहार पुलिस में कार्यरत सहायक अवर निरीक्षक को वरीयता के आधार पर दारोगा में प्रोन्नति देकर इन पदों को भरा जाएगा। राज्य मंत्रिपरिषद से इसकी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है।

गृह विभाग (आरक्षी शाखा) के अनुसार, कुल 48 हजार 447 पदों में सर्वाधिक 27 हजार 510 सिपाही एवं समकक्ष पदों पर बहाली होगी। इनमें 22 हजार 10 पद सिपाही एवं समकक्ष जबकि 5500 पद चालक सिपाही एवं समकक्ष के होंगे।

पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) के 20 हजार 937 पद हैं। राज्य सरकार ने इनमें से आधे पद प्रोन्नति से भरे जाने का निर्णय लिया है। इसके आलोक में 10 हजार 468 पदों पर सीधी नियुक्ति होगी, जबकि 10 हजार 469 पद प्रोन्नति से भरे जाएंगे।

आपातकाल सेवा डायल-112 की क्षमता और बढ़ाई जाएगी। इसके लिए दूसरे चरण में 19 हजार 288 पुलिसकर्मियों को शामिल किया जाएगा। इनमें सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक के पद शामिल हैं।

डायल-112 के लिए 9992 सिपाही, 2943 हवलदार, 2353 चाल सिपाही, 694 चालक हवलदार, 1218 एएसआई, 1829 एसआई और 259 इंस्पेक्टर के पद हैं। इनमें से अधिसंख्य पदों पर नई बहाली होगी।

पटना में एएसपी नगर व्यवस्था का पद सृजित:

राजधानी पटना में शहरी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एएसपी (नगर व्यवस्था) का नया पद सृजित किया है। इसके अंतर्गत दानापुर, खगौल और फुलवारीशरीफ को मिलाकर बनाए गए पटना मध्य, पटना पूर्वी और पटना पश्चिमी का इलाका आएगा।

इस क्षेत्र में पुलिसिंग के दृष्टिकोण से निगरानी रखने के साथ जिला प्रशासन एवं स्थानीय निकाय के बीच समन्वय की जिम्मेदारी एएसपी के पास होगी।

Read more

Local News