पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के निर्धारित समय के दौरान शिक्षक विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कार्यशालाओं में शामिल नहीं होंगे। शिक्षा विभाग ने शिक्षण अवधि में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगा दी है। नए निर्देश के मुताबिक, विभागीय बैठक और प्रशिक्षण स्कूल खुलने से पहले या छुट्टी के बाद ही आयोजित किए जा सकेंगे।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल की ओर से इस संबंध में सभी जिलों और सरकारी विद्यालयों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा में उपलब्ध रखना और विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्राथमिकता देना है।
स्कूल के समय नहीं मांगी जाएगी रिपोर्ट और जानकारी
नए आदेश के अनुसार, शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों को किसी भी विभागीय बैठक, ट्रेनिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। इसके अलावा विभागीय अधिकारी भी इस दौरान शिक्षकों से रिपोर्ट और आंकड़े नहीं मांग सकेंगे।
ऐसे सभी प्रशासनिक और विभागीय कार्य स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद या विद्यालय खुलने से पहले निपटाने होंगे। इससे शिक्षकों का अधिकतम समय कक्षा में बच्चों को पढ़ाने में इस्तेमाल हो सकेगा।
पहली घंटी बजते ही शुरू करनी होगी पढ़ाई
शिक्षा विभाग ने स्कूलों में समय पालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। सभी सरकारी विद्यालयों को निर्धारित समय पर खोलना होगा और प्रार्थना सभा भी तय समय पर आयोजित करनी होगी। इसके बाद पहली घंटी बजते ही कक्षाओं में पढ़ाई शुरू करानी होगी।
किसी भी परिस्थिति में कक्षा खाली नहीं रहनी चाहिए। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने से भी बचने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी अनिवार्य परिस्थिति में ऐसा करना पड़े, तो वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
शिक्षक अनुपस्थित तो दूसरे को मिलेगी कक्षा की जिम्मेदारी
विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों को दी गई है। उन्हें हर दिन शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी करनी होगी।
यदि कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है, तो उसी दिन किसी दूसरे शिक्षक को संबंधित कक्षा की जिम्मेदारी सौंपनी होगी। इसके लिए प्रत्येक स्कूल में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा। बिना सूचना या अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इसके साथ ही स्कूलों में कक्षावार और विषयवार समय-सारणी को ऐसी जगह प्रदर्शित करना होगा, जहां शिक्षक और विद्यार्थी आसानी से उसे देख सकें।
हर शिक्षक को तैयार करनी होगी रोजाना पाठ योजना
पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए विभाग ने शिक्षकों को प्रतिदिन पाठ योजना तैयार करने और शिक्षण डायरी का नियमित संधारण करने का निर्देश दिया है। प्रधानाध्यापक समय-समय पर इनकी समीक्षा करेंगे।
पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त मदद उपलब्ध करानी होगी। शुरुआती कक्षाओं में बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी क्षमताओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को नियमित गृहकार्य देने, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं आयोजित करने तथा उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखनी होगी।
बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल बनाने पर जोर
शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने को भी प्राथमिकता दी है। स्कूलों में निर्धारित ड्रेस, समय पालन और आपसी सम्मान से जुड़े नियमों का पालन कराना होगा।
शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार करने का निर्देश दिया गया है। शारीरिक और मानसिक दंड पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रधानाध्यापकों को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित समय पर भोजन वितरण की निगरानी भी करनी होगी। अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद के लिए हर महीने बैठक आयोजित की जाएगी। हालांकि, इसके आयोजन से नियमित कक्षाओं की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
खेलकूद और आत्मरक्षा प्रशिक्षण को भी मिलेगा महत्व
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा विभाग ने खेल और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में फुटबॉल का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। यह गतिविधि विद्यालय का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद आयोजित होगी। छात्र और छात्राएं दोनों इसमें हिस्सा ले सकेंगे।
विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसके अलावा गीत-संगीत, नाटक, शिल्प, भाषण और वाद-विवाद जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
विद्यार्थियों को शैक्षिक और प्रेरणादायक वीडियो दिखाने के साथ-साथ पीटी शिक्षकों को छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की व्यवस्था करने को कहा गया है। विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।
हर सप्ताह स्कूलों का निरीक्षण करेंगे अधिकारी
नए आदेश में विद्यालयों की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को हर सप्ताह निर्धारित संख्या में सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करना होगा।
निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में पढ़ाई की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और अनुपस्थित शिक्षक की जगह वैकल्पिक व्यवस्था की जांच की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
प्रधानाध्यापकों को अपने स्कूल में शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखने के लिए जवाबदेह बनाया गया है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
एक सप्ताह में अनुपालन रिपोर्ट भेजने का निर्देश
शिक्षा विभाग ने सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों (आरडीडीई) और जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को आदेशों के पालन की पुष्टि एक सप्ताह के भीतर भेजने को कहा है। इसके बाद हर महीने प्रगति रिपोर्ट भी विभाग को उपलब्ध करानी होगी।
नए निर्देशों के जरिए विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। प्रशासनिक गतिविधियों की वजह से अब निर्धारित कक्षा का समय प्रभावित नहीं होना चाहिए।
