Friday, November 20, 2026

बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में 26 नवंबर को मनेगा संविधान दिवस, प्रस्तावना पाठ से होगी शुरुआत

Share

पटना, 20 नवंबर 2026। बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर सुबह की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान होगा और बच्चों को संविधान के मूल सिद्धांतों तथा उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शुक्रवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आयोजन की तैयारी सुनिश्चित कराने को कहा है।

अंबेडकर और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान पर बोलेंगे विद्यार्थी

निर्देश के मुताबिक, प्रार्थना सभा में एक छात्र और एक छात्रा को संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान पर अपने विचार रखने का अवसर दिया जाएगा। दोनों विद्यार्थियों को पांच-पांच मिनट बोलने का समय मिलेगा।

इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को संविधान निर्माण की प्रक्रिया और इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी देना है।

पोस्टर, ड्राइंग और कोलाज प्रतियोगिताएं होंगी

मध्याह्न भोजन के बाद स्कूलों में एक पीरियड के दौरान विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें बच्चे संविधान और उसके मूल्यों से जुड़े पोस्टर, ड्राइंग और कोलाज तैयार करेंगे।

वहीं, पुस्तकालय के पीरियड में संविधान के मूल सिद्धांतों पर क्विज प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रधानाध्यापक कक्ष में लगेगा प्रस्तावना का बड़ा पोस्टर

अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को अपने कक्ष में महात्मा गांधी के चित्र के साथ संविधान की प्रस्तावना का बड़ा पोस्टर लगाने का निर्देश दिया है। यह पोस्टर केवल संविधान दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष स्कूल में लगा रहेगा।

स्कूलों को संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की भी छूट दी गई है।

अभिभावकों को भी संविधान के महत्व की जानकारी देने पर जोर

शिक्षा विभाग ने संविधान दिवस के आयोजन को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखने की बात कही है। स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी संविधान के महत्व और रोजमर्रा के जीवन में उसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव ने संविधान को देश की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा है कि इसके मूल मूल्य सामाजिक समरसता, संवाद और समृद्धि का रास्ता दिखाते हैं।

Read more

Local News