पटना: नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार समारोह में बिहार के तीन वरिष्ठ कलाकारों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। समारोह में वर्ष 2024 और 2025 के लिए संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और पुरस्कार प्रदान किए गए।
देश के अलग-अलग हिस्सों से कुल 108 कलाकारों को इस अवसर पर सम्मान मिला। इनमें बिहार के तीन कलाकार शामिल रहे, जिन्होंने करीब चार से पांच दशकों तक रंगमंच और लोक संगीत के क्षेत्र में योगदान दिया है।
तीनों कलाकारों को मिला सम्मान
सम्मान पाने वालों में चर्चित अभिनेता-निर्देशक सुरेश कुमार हज्जू, मैथिली रंगमंच के वरिष्ठ निर्देशक शिव नारायण झा उर्फ कुणाल और लोक वाद्य कलाकार महेन्द्र राम शामिल हैं।
तीनों कलाकारों को उनके लंबे सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार के तहत उन्हें ताम्रपत्र, प्रशस्ति पत्र और एक-एक लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
रंगमंच और लोक संगीत में लंबा योगदान
बिहार के इन कलाकारों ने वर्षों तक अपनी-अपनी विधाओं में काम करते हुए राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है। उनके सम्मान से बिहार के रंगमंच और लोक संगीत से जुड़े कलाकारों में भी उत्साह का माहौल है।
समारोह में देश की विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलाकारों और संस्कृति क्षेत्र की हस्तियों की मौजूदगी रही।
