Saturday, November 28, 2026

बिहार के ईंट भट्ठे से मुक्त कराए गए चंदवा के छह मजदूर, डीसी ने कंबल देकर जाना हाल

Share

लातेहार, 28 नवंबर 2026: बिहार के वैशाली जिले में एक ईंट भट्ठे पर कथित तौर पर बंधक बनाकर रखे गए लातेहार के चंदवा क्षेत्र के छह मजदूरों को मुक्त करा लिया गया है। लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार की पहल पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित वापस लाया।

मामला डीसी के जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में सामने आया था। शिकायत में बताया गया था कि चंदवा थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव के छह लोग मजदूरी के लिए बिहार के वैशाली जिले के रामपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर गए थे। आरोप लगाया गया था कि भट्ठा मालिक ने उन्हें वहां रोक रखा है और उनके साथ मारपीट भी की जा रही है।

प्रशासन की पहल पर हुई कार्रवाई

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को मजदूरों की रिहाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई कर सभी छह मजदूरों को मुक्त कराया गया और सुरक्षित उनके क्षेत्र में वापस लाया गया।

मुक्त कराए गए लोगों में जिशान पवरिया, नैमा खातुन, सदिना खातुन, बाबूलाल, झुबली खातुन और तकली खातुन शामिल हैं। सभी चंदवा थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव के निवासी हैं।

डीसी ने कार्यालय बुलाकर की मुलाकात

शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार ने अपने कार्यालय में सभी मजदूरों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी स्थिति और कुशलक्षेम की जानकारी ली। इस दौरान डीसी ने सभी को कंबल भी वितरित किए।

Read more

Local News