राजद नेता तेजस्वी यादव ने गया में सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि इस तरह की घटनाओं को क्या कहा जाए। उन्होंने सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री की चुप्पी को आपराधिक बताया। उन्होंने सरकार को जातिवादी और पक्षपाती होने का आरोप भी लगाया।
पटना। गया में सामूहिक दुष्कर्म पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को बयान जारी कर राज्य में विधि-व्यवस्था की आलोचना की है। इसे उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया है।
लिखा है कि- प्यारे बंधुओं और आदरणीय प्रधानमंत्री, गया में होमगार्ड की बहाली में भाग लेने आई एक बेटी बेहोश होकर गिरी और उसी बेहोशी की हालत में प्रशासन द्वारा बुलाई गई एंबुलेंस में ही उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। बिहार में इसे आप …राज कहेंगे? अपराधियों द्वारा संरक्षित …राज कहेंगे? …राज कहेंगे अथवा मोदी-नीतीश का कुशासन कहेंगे?
उन्होंने आगे लिखा कि मोदी-नीतीश के …राज में प्रतिदिन माताओं-बहनों-बेटियों और मासूमों की अस्मिता को ऐसे ही लूटा जा रहा है, लेकिन मजाल है कि कोई मंत्री और उप मुख्यमंत्री अपराध, दुष्कर्म और भ्रष्टाचार की अनियंत्रित घटनाओं पर अपनी जुबान हिला सके?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके दो …डिप्टी की ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी आपराधिक है। अगर ऐसी घटनाओं पर भी पूर्वाग्रह से ग्रस्त कथित प्रबुद्ध और न्यायप्रिय लोगों का खून नहीं खौलता तो समझो ऐसे लोग अव्वल दर्जे के घोर जातिवादी और पक्षपाती लोग हैं।


