Friday, November 27, 2026

बिरसा मुंडा जयंती पर गिरिडीह में साइकिल रैली, डीसी-एसपी ने भी चलाई साइकिल

Share

झंडा मैदान से शुरू हुई रैली टावर चौक, बड़ा चौक और बरवाडीह होते हुए उसरी वाटर फॉल पहुंची। अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने लिया हिस्सा।

गिरिडीह: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को गिरिडीह में जिला प्रशासन की ओर से साइकिल रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने भी साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

रैली की शुरुआत झंडा मैदान से हुई। यहां से प्रतिभागी टावर चौक, बड़ा चौक और बरवाडीह होते हुए उसरी वाटर फॉल पहुंचे। इसी स्थल पर कार्यक्रम का समापन हुआ।

अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने दिखाई भागीदारी

साइकिल रैली में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) मनीष तिवारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक और डीएसपी आरके राणा सहित अन्य अधिकारियों ने भी रैली में हिस्सा लिया।

स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

इस आयोजन के जरिए लोगों को नियमित साइकिलिंग अपनाने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और पर्यावरण की रक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन ने दैनिक जीवन में साइकिल के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।

Read more

Local News