पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक और शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जब बुधवार 20 मई को बांग्लादेश ने उन्हें दूसरे टेस्ट मैच में भी 78 रनों से हरा दिया. इस तरह मेजबान टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से जीत ली. ढाका में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रनों हार का सामना करना पड़ा था.
यह बांग्लादेश की अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पहली क्लीन स्वीप है, और कुल मिलाकर दूसरी, इससे पहले उन्होंने 2024 में पाकिस्तान में 2-0 से जीत हासिल की थी.
सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 437 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, पाकिस्तान की टीम पांचवें दिन 358 रन ही बना सकी. जिसकी वजह से मेहमान टीम को दूसरे टेस्ट में 78 रनों से हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने 94 रन बनाए, कप्तान शान मसूद और सलमान अली आगा ने 71-71 रन बनाए, जबकि बाबर आजम ने 47 और साजिद खान ने 28 रन बनाए. बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने 6 विकेट लिए, नाहिद राणा ने 2 विकेट लिए, जबकि शरीफुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज ने 1-1 विकेट लिया.
बांग्लादेश ने पहली पारी में विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास की 126 रनों की शानदार पारी बदौलत 278 रन बनाए थे. इसके जवाब में, पाकिस्तान ने बाबर आजम के 68 रनों की बदौलत 232 रन ही बना सकी. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा और ताइजुल इस्लाम ने तीन-तीन विकेट लेकर बांग्लादेश को पहली पारी में 46 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई.
बांग्लादेश ने तीसरी पारी में विशाल 390 रन बनाकर पाकिस्तान को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया. अनुभवी मुशफिकुर रहीम ने 233 गेंदों पर शानदार 137 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि लिटन दास ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखते हुए 69 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान के सामने 437 रनों का विशाल लक्ष्य मिला, जिसे वो चेज नहीं कर सके.
बांग्लादेश के लिटन दास को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि मुशफिकुर रहीम को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड दिया गया.
इस जीत के साथ बांग्लादेश वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की स्टैंडिंग्स में 58.33 अंक प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, और उसने भारत को पीछे छोड़ दिया है जो अब छठे स्थान पर खिसक गया है. वहीं पाकिस्तान इस हार के बाद स्टैंडिंग्स में आठवें स्थान पर ही बना हुआ है.


