दरभंगा के ककोढ़ा गांव में मुहर्रम के दौरान चौकी मिलान में हाईटेंशन तार से करंट लगने से बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में तीन दर्जन से अधिक लोग झुलस गए जिनमें से एक की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के परिवार में शोक की लहर है।
दरभंगा सकतपुर थाना क्षेत्र के ककोढ़ा गांव में रविवार की शाम मुहर्रम के मौके पर आयोजित चौकी मिलान के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
चौकी उठाने के दौरान वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे करंट फैल गया और तीन दर्जन से अधिक लोग झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।
बताते हैं कि मुहर्रम से एक दिन पहले ककोढा मदरसा चौक से आगे पासीखाना के समीप रणपरती स्थल पर चौकी मिलान कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भीड़ के बीच अचानक चौकी ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन तार से टकरा गई, जिससे अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को तत्क्षण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दरभंगा मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई लोगों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
ये हुए घायल
इस घटना में पंचायत के मुखिया श्रवण कुमार साहू (35), उप मुखिया सुरेश महतो (35), वार्ड सदस्य गुलाम मोगनी(32), मो. साजिद(11), मो. हारून(26), मोहम्मद रहमत(25), मोहम्मद बिस्मिल(35), मोहम्मद मिराज (25), मो. निजामुद्दीन(28), अबू सामी(14) घायल हुए हैं।


