बक्सर में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ तीन दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 40 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और 112 वारंटों का निष्पादन हुआ। पुलिस ने शराब तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब जब्त की है। नशे की हालत में पाए गए लोगों पर जुर्माना लगाया गया है।
बक्सर। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर जिले में तीन दिनों के लिए समकालीन अभियान चलाते हुए अपराधियों की धर पकड़ की जा रही है।
इसके तहत बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों से 40 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया वहीं, कोर्ट से जारी 112 वारंट का निष्पादन करते हुए अन्य कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस सम्बंध में जारी रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को हत्या के प्रयास एक कांड के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, शराब तस्करों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत गुप्त सूचना पर पुलिस ने सात शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 29 लीटर अंग्रेजी शराब के अलावा 61 लीटर देसी शराब जब्त किया गया है।
जबकि, नशेड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई के तहत नशे की हालत में 13 लोगों को गिरफ्तार कर जुर्माना के लिए कोर्ट को सुपुर्द किया गया है
इधर कोर्ट से जारी कुर्की के छह मामलों का निष्पादन करने के साथ ही कोर्ट से जारी वारंट में डेढ़ दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए कोर्ट को सुपुर्द कर दिया गया। इसके अलावा अपराध के अन्य किसी शीर्ष में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दूसरी ओर अपराध नियंत्रण तथा अपराधियों पर लगाम कसने को जिले में जारी वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन में जब्त वाहनों से एक लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूल किया गया है।


