सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अब कमाई के मामले में हॉलीवुड-बॉलीवुड को भी टक्कर देने लगे हैं. वे खूब तरक्की कर रहे हैं. दुनिया के 50 कंटेंट क्रिएटर्स ने एक साल में ही एक अरब डॉलर कमा डाले. यह देशी-विदेशी कई फिल्मों की कुल कमाई से भी बहुत ज्यादा है. साल 2022 के बाद इन कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई में 80% का इजाफा हुआ है. हाल ही में फोर्ब्स ने दुनिया के टॉप क्रिएटर्स की लिस्ट जारी की है. इसके अनुसार भारतीय मूल के धर मान कमाई के मामले में दूसरे स्थान पर हैं.
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं बल्कि इसके मालिक बन चुके हैं. फोर्ब्स ने पहली बार साल 2022 में टॉप क्रिएटर्स की लिस्ट जारी की थी. इसके बाद से हर साल यह लिस्ट जारी की जाती है. साल 2026 की लिस्ट में दुनिया के कुल 50 पावरफुल इन्फ्लुएंसर्स को शामिल किया गया है. इन सभी की कमाई ने मार्च 2025 से मार्च 2026 तक एक अरब 2 करोड़ डॉलर की कमाई की. यह पिछले साल से 20% जबकि साल 2022 से 80% ज्यादा है. शुरुआत में खुद या कुछ लोगों को काम पर रखने वाले इन इन्फ्लुएंसर्स की अब 100 से लेकर 200 लोगों की टीमें हैं.
यूट्यूब, इंस्टाग्राम और टिकटॉक के सितारे अब पारंपरिक मनोरंजन उद्योग को चुनौती देने लगे हैं. फोर्ब्स के अनुसार मौजूदा समय के बड़े डिजिटल क्रिएटर्स कई कंपनियों के मालिक हैं. अहम बात ये है कि इनमें से कई के पास काम शुरू करने के लिए कोई अनुभव भी नहीं था. ये क्रिएटर्स अब केवल विज्ञापनों से ही नहीं बल्कि ब्रांड डील, सब्सक्रिप्शन, पॉडकास्ट और लाइव शो आदि के जरिए भी कमाई कर रहे हैं. भारत में 40 लाख से अधिक डिजिटल क्रिएटर्स हैं. इनमें से कुछ ने लाइट-कैमरा-एक्शन की दुनिया में बड़ा नाम कमा लिया है. जबकि कई मंजिल की तलाश में हैं. अब फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल कुल 50 क्रिएटर्स में टॉप 10 के बारे में विस्तार से जानते हैं…
अमेरिका के जिमी डोनाल्डसन बीस्ट हर साल लाते हैं 5 अरब व्यूज : अमेरिका के रहने वाले जिमी डोनाल्डसन सोशल मीडिया पर मिस्टर बीस्ट के नाम से जाने जाते हैं. इनके YouTube चैनल्स पर 64 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं. हर साल इन्हें 5 अरब से भी ज्यादा व्यूज मिलते हैं. उनके शो पर कई खतरनाक प्रतियोगिताएं देखने को मिलती हैं. उनकी कंपनी ने नए स्टार्टअप को बढ़ाने के लिए 5 अरब डॉलर का निवेश किया है. बीस्ट ने अपने बहुत पॉपुलर रियलिटी कॉन्टेस्ट शो ‘बीस्ट गेम्स’ का दूसरा सीजन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शुरू किया. इसके तीसरे सीजन का निर्माण अभी चल रहा है. इसी साल फरवरी में बीस्ट ने एक ऐप खरीदा जो किशोरों को निवेश और संपत्ति बनाने के गुण सिखाता है. बीस्ट ने एक साल में 300 मिलियन डॉलर की कमाई की.
द डायरी ऑफ ए CEO के स्टीवन बार्टलेट तीसरे नंबर पर : यूनाइटेड किंगडम के रहने वाले स्टीवन बार्टलेट ने एक साल में कुल 52 मिलियन डॉलर की कमाई की. वह इस बार की फोर्ब्स की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं. इनके कुल फॉलोअर्स 3.87 करोड़ हैं. स्टीवन ने द डायरी ऑफ ए सीईओ शो की शुरुआत अपने किचन की टेबल पर की थी. इस शो में दुनियाभर के सफल लोगों से बातचीत होती है. शो से मिली कामयाबी ने उन्हें 425 मिलियन डॉलर वाली Steven.com होल्डिंग कंपनी तक पहुंचा दिया. 33 साल की उम्र में उन्होंने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया. उन्होंने मैनचेस्टर मेट्रोपॉलिटन विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. वह अभी अविवाहित हैं.
मार्कप्लियर ने यूट्यूब गेमिंग से कमाया नाम : अमेरिका के रहने वाले 37 साल के मार्कप्लियर यूट्यूब पर कंटेंट और गेमिंग के जरिए नाम कमा चुके हैं. वह फोर्ब्स की लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं. एक साल में उन्होंने 38 मिलियन डॉलर कमाए. उनके कुल फॉलोअर्स 7.68 करोड़ है. मार्क एडवर्ड फिशबैक उर्फ मार्किप्लियर कंटेंट और हॉलीवुड के बीच पुल बना रहे हैं. उनकी फिल्म ‘आयरन लंग’ नॉर्थ अमेरिका के 3 हजार थिएटर में दिखाई गई. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 50 मिलियन डॉलर कमाए. मौजूदा समय वह पॉडकास्ट ‘डिस्ट्रैक्टिबल’ और ‘गो! माई फेवरेट स्पोर्ट्स टीम’ को होस्ट कर रहे हैं.
रेट एंड लिंक की कॉमेडी जोड़ी ने कमाए 37 मिलियन डॉलर : अमेरिका के रहने वाले रेट एंड लिंक यूट्यूब पर कॉमेडी जोड़ी के नाम से जाने जाते हैं. ये जोड़ी फोर्ब्स की लिस्ट में पांचवें स्थान पर है. इस जोड़ी ने एक साल में 37 मिलियन डॉलर कमाए. इनके फॉलोअर्स की संख्या 4.56 करोड़ है. यह कॉमेडी जोड़ी हर साल अपने YouTube टॉक शो ‘गुड मिथिकल मॉर्निंग’ के 240 एपिसोड शूट करती है. इस शो में वे अजीबो-गरीब खाना खाते हैं. अलग-अलग प्रकार के पिज्जा की तुलना करते हैं. दुनियाभर के स्वादिष्ट भोजनों को चखते हैं. इस शो के जरिए वे लोगों का भरपूर मनोरंजन करते हैं.
डांस से मशहूर हो गईं अमेरिका की चार्ली डी एमेलियो : अमेरिका की रहने वाली 22 साल की चार्ली डी एमेलियो टिकटॉक स्टार हैं. वह फोर्ब्स की लिस्ट में छठवें नंबर पर हैं. एक साल में उन्होंने 18 मिलियन डॉलर की कमाई की है. उनके कुल 20.98 करोड़ फॉलोअर्स हैं. वह सोशल मीडिया पर अपने डांस के वीडियो पोस्ट करती हैं. इसके जरिए वह काफी नाम कमा चुकी हैं. YouTube पर भी उनका चैनल है. फोर्ब्स की लिस्ट में उनकी बहन डिक्सी को भी शामिल किया गया हैं. डिक्सी 31वें स्थान पर हैं. वह भी डांस के वीडियो पोस्ट करती हैं. चार्ली कुछ उत्पादों की ब्रांड एंबेसडर भी हैं.
कई देशों की यात्रा कर अनुभव साझा करते हैं आईशो स्पीड : अमेरिका के रहने वाले आईशो स्पीड उर्फ डैरेन जेसन वॉटकिंस जूनियर फोर्ब्स की लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं. उन्होंने 30 मिलियन डॉलर की कमाई की है. उनके 18.4 करोड़ फॉलोवर्स हैं. उन्होंने 2016 में गेमिंग वीडियो को लेकर एक YouTube चैनल लांच किया था. इस दौरान कुछ ही लोग उन्हें फॉलो करते थे. इसके 5 साल बाद टिकटॉक पर उनके गेम खेलते समय चिल्लाने और क्रेजी रिएक्शंस के छोटे-छोटे उनके वीडियो वायरल होने लगे. आईशो दुनिया के कई देशों की यात्रा भी करते हैं, इस दौरान लोगों से बात करते हैं, उनके अनुभव बताते हैं.
साइंटिफिक कॉन्सेप्ट में मार्क रॉबर्ट का जलवा : अमेरिका के रहने वाले 46 साल के मार्क रॉबर्ट फोर्ब्स की लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं. उन्होंने 30 मिलियन डॉलर की कमाई है. उनके कुल 9.07 करोड़ फॉलोअर्स हैं. उनकी 100 लोगों की टीम लोगों को विज्ञान के बारे में बताती है. उनकी टीम मुख्य रूप से लोगों को वैज्ञानिक अवधारणाओं से अवगत कराने का काम करती है. फिजिक्स सिखाने के लिए रोलर कोस्टर बनाना, साइंस के जरिए अल्काट्राज से बचना आदि बताया जाता है. रिवियन, गूगल और डिज्नी जैसे ब्रांड उनके दिलचस्प एजुकेशन कंटेंट को पसंद करते हैं. उनकी कंपनी क्रंचलैब्स सब्सक्रिप्शन के जरिए साइंस किट बेचती है.
अमीर बनने के टिप्स बताती हैं कोडी सांचेज : अमेरिका की रहने वाली कोडी सांचेज फोर्ब्स की लिस्ट में दसवें नंबर पर हैं. उन्होंने एक साल में 31 मिलियन डॉलर की कमाई की है. उनके एक करोड़ फॉलोवर्स हैं. वह पहले जर्नलिस्ट और फाइनेंसर भी रह चुकी हैं. अब वह YouTube, Instagram और TikTok पर लोगों को कारोबार करने के तरीके सिखाती हैं. वह लोगों को अमीर बनने के टिप्स बताती हैं. अहम बात ये है कि वे इसके लिए किसी शॉर्टकट तरीके पर जोर नहीं देती हैं. बल्कि कुछ लंबे समय वाले प्रयासों पर जोर देती हैं. वह मानती हैं कि नया स्टार्टअप शुरू करने के बजाय पारंपरिक व्यवसायों पर काम करना ज्यादा सुरक्षित होता है.
फोर्ब्स की लिस्ट में अन्य कौन से 40 नाम? : फोर्ब्स की टॉप क्रियटर्स की लिस्ट में 40 अन्य नाम भी शामिल हैं. इनमें जेक शेन 11वें स्थान पर, ब्रेंट रिवेरा 12वें, एडम डब्ल्यू 13वें, जेसर 14वें, खाबी लेम 15वें, एलिक्स अर्ल 16वें, मिकायला नोगीरा 17वें, स्टोक्स ट्विन्स 18वें, निक डिगियोवानी 19वें, रेबेका जमोलो 20वें, मिस्टरबैलेन 21वें, ड्रू अफुआलो 22वें, हेली बेली 23वें, राहेल 24वें, एलन चिकिन चाउ 25वें, टिपिकल गेमर 26वें, मार्केस ब्राउनली 27वें, नर्स जॉन 28वें, ताना मोंग्यू 29वें, जोश रिचर्ड्स 30वें, डिक्सी डी’अमेलियो 31वें, डैनी ऑस्टिन 32वें, नारा स्मिथ 33वें, लेक्सी रिवेरा 34वें, जैकसेप्टिसेय 35वें, टिनी यंगर 36वें, ब्रुक मोंक 37वें, हन्ना स्टॉकिंग 38वें, हन्ना स्टॉकिंग 39वें, एरिका कुल्बर्ग 40वें, एश्टन हॉल 41वें, लिआ केटेब 42वें, केटी फेंग 43वें, अन्ना सितार 44वें, विवियन तू 45वें, जॉर्डन द स्टैलियन 46वें, अनवर जिबावी 47वें, इजस्टान 48वें, स्टीवन हे 49वें, जबकि लोगान मोफिट 50वें स्थान पर हैं.
भारत में कितने कंटेंट क्रिएटर? : बीसीजी की कुछ महीने पहले की रिपोर्ट के अनुसार भारत में लगभग 40 लाख से अधिक कंटेंट क्रिएटर्स हैं. इनमें से करीब 2-2.5 लाख कंटेंट क्रिएटर ही ठीक कमाई कर पा रहे हैं. बाकी की कमाई कम है. साल 2020 में कंटेंट क्रिएटर्स की संख्या 10 लाख से भी कम थी. इसके बाद के वर्षों में इसमें इजाफा देखने को मिला. भारत में 65 करोड़ से अधिक लोग मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं. अपने देश में एक व्यक्ति रोजाना करीब 4.77 घंटे स्मार्टफोन पर बिताता है. अपने देश में 46 करोड़ से अधिक लोग सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं. देश में साल 2000 से कंटेंट क्रिएशन में तेजी आई. देश में करीब 74 करोड़ लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं.
