फुटबॉल के सबसे बड़े इवेंट FIFA वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही बड़े विवादों में घिर गया है. ताजा मामला अफ्रीका के सबसे अच्छे फुटबॉल रेफरी, ओमर अब्दुलकादिर ऑर्टन से जुड़ा है. सोमालिया के इस रेफरी को अमेरिका में एंट्री करने से रोक दिया गया और उन्हें मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अधिकारियों ने वापस लौटा दिया. जिससे पूरी फुटबॉल बिरादरी नाराज है.
ओमर अब्दुलकादिर ऑर्टन उन 52 रेफरी की लिस्ट में शामिल थे जिन्हें FIFA ने अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में 11 जून से होने वाले वर्ल्ड कप के लिए चुना था. अमेरिका में उनके एंट्री न मिलने की वजह से FIFA ने उन्हें वर्ल्ड कप के अधिकारियों की लिस्ट से बाहर कर दिया है.
फीफा ने क्या कहा?
फीफा का कहना है कि वो मेजबान देश की इमिग्रेशन प्रक्रियाओं (जिसमें वीजा से जुड़े फैसले भी शामिल हैं) में शामिल नहीं होता है. FIFA के पिछले इवेंट्स की तरह, मेजबान सरकार ही यह तय करती है कि किसे वीजा मिलेगा और किसे उनके देश में एंट्री दी जाएगी.
अमेरिका की कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) ने बताया कि ऑर्टन की सामान्य रूटीन जांच पड़ताल की गई थी. CBP के प्रवक्ता ने कहा, ‘जब अधिकारियों को जानकारी वेरिफाई करने या देश में एंट्री की पात्रता तय करने की जरूरत होती है तो यात्री की अतिरिक्त जांच की जाती है, जो CBP की जांच प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है. जांच के बाद, ऑर्टन को देश में एंट्री के लिए अयोग्य पाया गया, जिसकी वजह से उन्हें एंट्री नहीं दी गई.’
कौन हैं उमर अब्दुलकादिर ऑर्टन?
अर्टन 2018 से FIFA के लिस्टेड रेफरी रहे हैं, और उन्होंने इंटरनेशनल लेवल के साथ-साथ क्लब लेवल पर भी अहम ग्लोबल मैचों में रेफरी की भूमिका निभाई है. साथ ही, उन्होंने हाल ही में हुए अफ्रीका कप ऑफ नेशंस में भी रेफरी की भूमिका निभाई थी. पिछले साल उन्हें ‘कॉन्फेडरेशन ऑफ अफ्रीकन फुटबॉल’ के ‘मेन्स रेफरी ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था.
सोमालिया के प्रधानमंत्री अमेरिकी प्रशासन की आलोचना की
इस घटना के बाद सोमालिया के प्रधानमंत्री हसन अली खैरे ने अमेरिकी प्रशासन की आलोचना करते हुए एक सार्वजनिक बयान जारी किया. हसन ने कहा, ‘मैं इस खबर से बहुत निराश हूं कि अफ्रीका के बेहतरीन रेफरी और दुनिया के सबसे अच्छे रेफरी में से एक, ओमर ऑर्टन, वीजा से जुड़ी दिक्कतों के कारण FIFA वर्ल्ड कप में रेफरी की भूमिका नहीं निभा पाएंगे.’
उन्होंने आगे कहा, ‘ओमर ने अपनी काबिलियत, कड़ी मेहनत, प्रोफेशनलिज्म और ईमानदारी से अपनी जगह बनाई है. अफ्रीकी और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के सबसे ऊंचे स्तरों पर रेफरी की भूमिका निभाने के कारण उनकी काबिलियत खुद ही सब कुछ बयान करती है. वह न सिर्फ सोमालिया का प्रतिनिधित्व करते हैं, बल्कि उन लाखों युवा अफ्रीकियों की उम्मीदों का भी प्रतिनिधित्व करते हैं जो मानते हैं कि बेहतरीन काम को दुनिया के मंच पर पहचान मिलनी चाहिए.’


