इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 37वां मैच आज (26 अप्रैल) चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स आमने सामने हैं. ये मैच CSK के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है. फैंस को इस मैच में धोनी के खेलने की उम्मीद थी, क्योंकि वो बिल्कुल फिट हो चुके हैं. लेकिन टॉस के समय ये पता चला कि इस मैच में भी धोनी नहीं नजर आएंगे.
धोनी फिट, फिर क्यों नहीं उतरे मैदान में?
हालांकि एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एमएस धोनी टीम का संतुलन बनाए रखने के लिए मैदान में नहीं उतरने का फैसला किया है. ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि MS Dhoni अपनी चोट से उबर चुके हैं और अब वो पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन वह जान-बूझकर टीम में वापस नहीं आ रहे हैं, ताकि टीम का संतुलन न बिगड़े.
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि माही नहीं चाहते कि उनकी वजह से किसी युवा खिलाड़ी को अपनी जगह गंवानी पड़े. टीम में मौजूदा संतुलन टीम के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है. यही मुख्य कारण है कि धोनी टीम में वापस नहीं आ रहे हैं.
बता दें कि इससे पहले चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग से जब धोनी की वापसी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था. उन्होंने कहा कि धोनी ठीक होने की दिशा में अच्छी प्रगति कर रहे हैं. वह मैनेजमेंट द्वारा दी गई सलाह का पूरी तरह पालन कर रहे हैं.
Dhoni विकेटकीपर की भूमिका ही निभाएंगे
चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच माइकल हसी ने गुरुवार को यह स्पष्ट कर दिया था कि जब भी MS Dhoni अपनी चोट से उबरकर टीम में वापस आएंगे, तो वह विकेटकीपर की भूमिका ही निभाएंगे. फिलहाल, यह जिम्मेदारी संजू सैमसन के कंधों पर है. धोनी की गैरमौजूदगी में सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं. हसी ने ये भी कहा कि धोनी को दौड़ने में थोड़ी प्रॉब्लम है.
IPL 2026 में खेलने का फैसला धोनी के हाथ में
धोनी इस सीजन में अब तक कई मैच नहीं खेल पाए हैं. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी कहा है कि उन्हें अक्सर धोनी की कमी खलती है. हालांकि, प्रशंसक ‘थाला’ को मैदान पर देखने के लिए बेताब हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि धोनी अपनी फिटनेस के बजाय टीम के संतुलन को अधिक महत्व दे रहे हैं. अब यह पूरी तरह से धोनी के विवेक पर निर्भर करता है कि IPL 2026 के आगामी मैचों में वह पीली जर्सी पहनकर विकेटकीपिंग के दस्ताने थामते हैं या नहीं.
CSK vs GT: आज के मैच की प्लेइंग-11
चेन्नई में खेले जा रहे आज के मैच में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार.
गुजरात टाइटंस इम्पैक्ट विकल्प: राहुल तेवतिया, अनुज रावत, ग्लेन फिलिप्स, कुलवंत खेजरोलिया, निशांत सिंधु.
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (डब्ल्यू), रुतुराज गायकवाड़ (सी), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह.
चेन्नई सुपर किंग्स इम्पैक्ट विकल्प: सरफराज खान, मुकेश चौधरी, प्रशांत वीर, रामकृष्ण घोष, मैथ्यू शॉर्ट


