प्रधानमंत्री मोदी की ‘एक साल तक सोना न खरीदने’ की अपील के बावजूद पटना में सोने-चांदी की कीमतों में कोई बड़ी गिरावट नहीं आई है। मध्य पूर्व में जारी तनाव और डॉलर की मजबूती के कारण निवेशक सोने की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे कीमतें ऊंची बनी हुई हैं।
पटना। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अपील चर्चा में है।
पीएम मोदी ने लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल की बचत करने और विदेश यात्राएं टालने की अपील की है।
इसके बाद पटना समेत बिहार के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। हालांकि फिलहाल बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में कोई बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिली है।
पटना में 10 ग्राम सोना 1.51 लाख के पार
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के मुताबिक 11 मई 2026 को बिहार में 24 कैरेट गोल्ड (9999) की कीमत 15,160 रुपये प्रति ग्राम दर्ज की गई।
इस हिसाब से 10 ग्राम सोने का रेट करीब 1 लाख 51 हजार 600 रुपये पहुंच गया है। वहीं 24 कैरेट (9950) गोल्ड का भाव 1 लाख 50 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम बताया गया।
शनिवार के मुकाबले इसमें करीब 1000 रुपये प्रति 10 ग्राम की मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई है।
ज्वेलरी गोल्ड भी आम लोगों की पहुंच से दूर
पटना के सर्राफा बाजार में आभूषण वाले सोने की कीमतें भी काफी ऊंचाई पर बनी हुई हैं। 22 कैरेट गोल्ड का बिक्री रेट 14,065 रुपये प्रति ग्राम पहुंच गया है।
यानी 10 ग्राम 22 कैरेट सोना खरीदने के लिए करीब 1 लाख 40 हजार 650 रुपये खर्च करने होंगे।
वहीं 18 कैरेट गोल्ड का रेट 1 लाख 14 हजार 500 रुपये और 14 कैरेट गोल्ड का रेट 90 हजार 250 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
डॉलर और ग्लोबल मार्केट का दिख रहा असर
पटना के सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का असर भारतीय बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है।
डॉलर की मजबूती और वैश्विक तनाव की वजह से निवेशक सोने की तरफ ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं।
इसी कारण कीमतों में नरमी आने के बावजूद बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिल रही है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में भी गोल्ड मार्केट में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी
पटना समेत बिहार में चांदी की कीमतें भी लगातार ऊंचाई पर बनी हुई हैं। 999 सिल्वर का रेट 265 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया है।
इस हिसाब से एक किलो चांदी की कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये पहुंच गई है।
वहीं 990 सिल्वर का भाव 2 लाख 62 हजार 500 रुपये प्रति किलो बताया गया है।
शादी सीजन से बाजार में बनी हुई है मांग
सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि शादी-विवाह और त्योहारों का सीजन होने की वजह से बाजार में सोने-चांदी की मांग बनी हुई है।
कई लोग कीमतें बढ़ने के डर से अभी भी खरीदारी कर रहे हैं।
हालांकि पीएम मोदी की अपील के बाद कुछ ग्राहक खरीदारी टालने पर भी विचार कर रहे हैं।
इसके बावजूद पटना के बाजार में फिलहाल सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ती नजर नहीं आ रही है।


