कॉमेडियन प्रणित मोरे के क्राउड-वर्क शो में ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाली वायरल टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद चल ही रहा था कि उनके ही एक शो की एक और क्लिप ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. इस बार चर्चा का केंद्र मुंबई की डॉक्टर सेजल पवार हैं, जिनकी दर्शकों के साथ बातचीत के दौरान की गई टिप्पणियों की सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है. इस विवाद पर एक अपडेट सामने आया है.
मुंबई के केईएम हॉस्पिटल से जुड़ी डॉक्टर सेजल पवार ने प्रणित मोरे के शो के दौरान दर्शकों से बातचीत में की गई अपनी टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उनकी इन टिप्पणियों की वजह से मेडिकल प्रोफेशनल्स, छात्रों और सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. बढ़ती आलोचना के बीच सेजल पवार ने इंस्टाग्राम पर माफीनामा शेयर किया और अपनी टिप्पणियों से हुई ठेस को स्वीकार किया.
गुरुवार, 11 जून को सेजल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टेटमेंट जारी किया है. स्टेटमेंट में उन्होंने लिखा है, ‘मैं सचमुच हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो क्लिप के बारे में बात करना चाहती हूं. उसे दोबारा देखने के बाद, मैं पूरी तरह समझती हूं कि मेरी बातों से लोग क्यों नाराज हुए. यह एक संवेदनशील विषय है और मेरी बातें उस तरह से सामने आईं, जैसे उन्हें नहीं आना चाहिए था. हालांकि मेरा मकसद कभी किसी का अनादर करना नहीं था, लेकिन मैं मानती हूं कि इरादे से ज्यादा असर मायने रखता है.’
उन्होंने लिखा, ‘मैं यहां यह बताने नहीं आई हूं कि क्या कहा गया या उसे कैसे समझाया गया. मैं इसकी जिम्मेदारी लेती हूं. पीछे मुड़कर देखने पर मैं समझ सकती हूं कि मेरे शब्दों का मतलब मेरे मतलब से अलग कैसे निकाला जा सकता है.’
अगले स्लाइड के स्टेटमेंट में वे लिखती हैं, ‘एक स्टूडेंट के तौर पर यह मेरे लिए सीखने का अनुभव रहा है. इसने मुझे अपने बातचीत के तरीके के बारे में सोचने पर मजबूर किया है, खासकर तब जब हम ऐसे विषयों पर बात करते हैं जिन पर ज्यादा सोच-विचार और संवेदनशीलता की जरूरत होती है. जिन लोगों को भी उस क्लिप से निराशा या दुख हुआ है, मैं समझती हूं कि क्या गलत हुआ और मैं इसके लिए सच में माफी मांगती हूं. मैं भविष्य में कभी भी ऐसा दोबारा नहीं होने दूंगी.’
यह विवाद सेजल पवार को लेकर है, जिनकी पहचान इंस्टाग्राम से हुई. इंस्टाग्राम के अनुसार, सेजल केईएस हॉस्पिटल में काम करती है. कॉमेडियन प्रणित मोरे के स्टैंड-अप शो के दौरान बातचीत में, सेजल ने मेडिकल रूम होने वाली डेड बॉडीज से जुड़े अपने अनुभवों के बारे में बात की. उन्होंने कहा किया कि एनाटॉमी की पढ़ाई के दौरान वे और उनके साथी पुरुष डेड बॉडीज के प्राइवेट पार्ट्स के साइज की तुलना किया करते थे.
ये टिप्पणियां तब की गईं जब प्रणित मोरे ने पूछा कि क्या डॉक्टर पोस्टमॉर्टम करते समय और इंसानी शरीरों पर काम करते समय सीरियस रहते हैं या मजाक-मस्ती करते हैं. इस बातचीत के क्लिप्स तेजी से वायरल हो गए और दर्शकों ने इसकी आलोचना की. लोगों ने इन टिप्पणियों को असंवेदनशील और उन मृत लोगों के प्रति अनादरपूर्ण बताया है.


