पश्चिमी सिंहभूम के जुगीदारू गांव में जमीन विवाद में 12 वर्षीय बच्चे की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक अर्जुन बानसिंह उत्क्रमित मध्य विद्यालय कबरागुटु में पढ़ता था। आरोपी चंद्रमोहन बानसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जुगीदारू गांव के बांधाटोला में जमीन को लेकर चल रहे विवाद में गुरुवार की शाम को 12 वर्षीय बच्चे की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गयी।
हत्या के समय मृतक की बहन भी घटनास्थल पर मौजूद थी। उसने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचायी। मृतक की पहचान जुगीदारू गांव निवासी सिकुर बानसिंह के बेटे अर्जुन बानसिंह के रूप में की गयी।
गुरुवार की देर शाम घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल से शव उठाकर सदर अस्पताल लायी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस कांड के आरोपित चंद्रमोहन बानसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
उमवि कबरागुरू में सातवीं कक्षा का छात्र था अर्जुन
मृतक उत्क्रमित मध्य विद्यालय कबरागुटु में कक्षा सात में पढ़ता था। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे मृत बच्चे के पिता सिकुर बानसिंह ने बताया कि गुरुवार को दिन में आंधी-पानी आया था। उस समय उनका बेटा और बेटी घर से कुछ दूर स्थित पेड़ से गिरा आम चुनने गये थे।
वहां पर दोनों भाई-बहन पेड़ से गिरा आम चुन रहे थे। इसी दौरान चंद्रमोहन बानसिंह वहां आया। उनके बच्चे को पकड़ा और गला रेत कर हत्या कर दी।
छोटी बहन के सामने ही भाई का काट दिया गला
वारदात देखकर उसकी छोटी बहन अनीता भाग कर घर आयी और अपनी मां को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही उसकी मां आम पेड़ के नीचे गयी तो बेटे को आम पेड़ के नीचे लहूलुहान पाया।
आरोपित ने उसकी बेटी को भी जान से मारने के लिए कुछ दूर तक दौड़ाया था। मृतक के पिता सिंकुर बान सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गुरुवार की दोपहर में बड़ालगिया हाट समान खरीदने गये थे।
जब वह शाम में घर लौटकर आये तो उनकी नौ साल की छोटी बेटी अनीता बानसिंह ने बताया कि शाम करीब 5.00 बजे चंद्रमोहन बानसिंह एक चाकू लेकर आया था और गुस्से में अर्जुन बानसिंह का गला को रेत दिया। सिकुर बानसिंह ने बताया कि दोनों का घर आमने-सामने है।
बहुत साल पहले आरोपित के परिवार के साथ जमीन का विवाद चल रहा था। आरोपित रिश्ते में भतीजा लगता है। आरोपित चंद्रमोहन बानसिंह की पत्नी उसकी पत्नी पर डायन होने का आरोप लगा रही थी।
हत्या की खबर मिलने पर चाकू लहराकर जश्न मना रही थी हत्यारोपित की पत्नी
सिकुर बानसिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह आरोपी की पत्नी ढोंग रचकर उसके घर आकर नाच रही थी। वह हाथ में चाकू पकड़ी हुई थी। जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ना चाहा तो उन लोगों को भी मारने के लिए दौड़ा रही थी।
हाथ में चाकू होने के कारण कोई ग्रामीण उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। करीब चार-पांच घंटे तक वह ड्रामा करती रही।
पुलिस को गुरुवार की शाम करीब 6.30 बजे सूचना मिली कि जुगीदारू गांव के सिंकुर बानसिंह के 12 साल के लड़के अर्जुन बानसिंह की उनके ही परिवारिक गोतिया एवं पड़ोस में रहने वाले चन्द्र मोहन बान सिंह ने चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी है।
मामले में एसपी के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने अनुसंधान के क्रम में शुक्रवार की सुबह में चन्द्रमोहन बानसिंह को जुगीदारू में उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चाकू भी बरामद किया गया। पकड़ाए अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया है एवं गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। -चंद्रशेखर, थाना प्रभारी, मुफस्सिल, चाईबासा।