धनबाद: केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को बीजेपी की ओर से विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. यह आयोजन धनबाद के जगजीवन नगर स्थित मानस मंदिर में हुआ. विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देश की खुशहाली, समृद्धि तथा पीएम नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की.
महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा: विधायक
इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते 12 सालों में विकास, सुशासन और जन कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा है. उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं, किसानों, युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिससे देश नई दिशा में आगे बढ़ रहा है.
गौरवशाली परंपरा को फिर से स्थापित किया: राज सिन्हा
उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराते हुए भगवान से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु हासिल हो ताकि भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व पटल पर अग्रणी शक्ति बनाने का लक्ष्य पूरा हो सकें. उन्होंने कहा कि भारत की गौरवशाली परंपरा को फिर से स्थापित करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर कार्यरत है.
इधर, समाजसेवी नित्यानंद मंडल ने कहा कि मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम के माध्यम से देश की प्रगति, सामाजिक समरसता और समृद्धि की कामना की गई है.


