पाकुड़: आज ही के दिन दो जुलाई 2013 को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहादत देने वाले पाकुड़ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार सहित पांच जवानों की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें पुलिस परिवार ने श्रद्धांजलि दी.
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक थानेदारों सहित जवानों ने शहीद अमरजीत बलिहार की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं उनकी शहादत को सलाम किया. इस मौके पर शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया.
- श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार सहित जवानों की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि हम शहीदों को सिर्फ याद नहीं करते बल्कि उनके परिजनों का ख्याल भी रखते हैं और उन्हें सम्मानित करने का काम किया जाता रहा है. पूछे गये सवाल पर एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि जवानों की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पुलिस कर्मी काफी दिनों से कर रहे हैं. जवानों की प्रतिमा स्थापित हो इसके लिए उपायुक्त से वार्ता की जाएगी और इसके लिए जल्द प्रयास किया जायेगा.
घात लगाकर नक्सलियों ने किया था हमला
बता दें कि दुमका में आयोजित डीआईजी की प्रमंडलीय बैठक में हिस्सा लेने के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार अपने काफिले के साथ पाकुड़ लौट रहे थे. इसी दरमियान पहले से घात लगाए नक्सलियों ने दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के जमनी नाला के निकट अचानक हमला बोल दिया था. पुलिस एवं नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एसपी अमरजीत बलिहार के अलावा जवान मनोज हेम्ब्रम, संतोष मंडल, राजीव कुमार शर्मा, अंगरक्षक चंदन थापा और चालक वीरेंद्र श्रीवास्तव शहीद हो गए थे, जबकि निजी चालक धनराज मड़ैया व एक अन्य जवान घायल हो गये थे. घटना के बाद पाकुड़ से कई नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया तो कई मारे भी गये.


