पश्चिमी हवाओं से बिहार में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है। पटना सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र में चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें वैज्ञानिक और शोधकर्ता भाग लेंगे
पटना। पछुआ के प्रभाव से प्रदेश का मौसम पांच दिनों तक शुष्क बने रहने की संभावना है। सुबह-शाम हल्की ठंड का असर होने के साथ दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा। तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 24 घंटे के बाद (weather tomorrow) न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री गिरावट का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे एवं पूर्णिया में अधिक कोहरा छाए रहा। यहां पर आठ सौ मीटर दृश्यता दर्ज की गई।
Bihar Weather Forecast के मुताबिक तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बने होने के साथ मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। पटना का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 28.7 डिग्री सेल्सियस एवं 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, भागलपुर, अगवानपुर, कटिहार को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश में औरंगाबाद का 13.2 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
चार दिवसीय होगा कार्यक्रम
भारतीय मौसम विभाग की ओर से पटना मौसम विज्ञान केंद्र में चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। छह से नौ दिसंबर तक चलने वाले विज्ञान के जरिए खुशहाली आत्मनिर्भर भारत के लिए विषय पर विभिन्न विषयों के विज्ञानी, शोधकर्ता भाग लेंगे।
इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल के तहत विज्ञान मंत्रालयों की ओर से अलग-अलग संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान शोधार्थी को देश के विज्ञानियों को सुनने का अवसर मिलेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस) |
|---|---|---|
| पटना | 28.7 | 17.7 |
| गया | 26.6 | 14.6 |
| भागलपुर | 28.1 | 17.0 |
| मुजफ्फरपुर | 27.2 | 17.6 |


