Tuesday, June 23, 2026

पलामू में मंगलवार को विधवा पुनर्विवाह कार्यक्रम के तहत तीन विधवा महिलाओं का विवाह संपन्न कराया गया.

Share

पलामू: जिले में तीन विधवा महिलाओं की शादी संपन्न कराई गई है. दरअसल, मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के मौके पर विधवा पुनर्विवाह सह परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में तीन विधवा महिलाओं का पुनर्विवाह कराया गया. पलामू के पांकी की रहने वाली अंजू देवी, चिंतामनी और एक अन्य विधवा महिला की शादी कराई गई.

इस दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से विवाह करने वाले जोड़ों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई. विधवा विवाह करने वाले जोड़ों को सरकार की तरफ से 2-2 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि बांटी गई है. पलामू के शिक्षाविद् अविनाश देव की पहल ट्रस्ट के नेतृत्व में विधवा पुनर्विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

बंद हो जाएगा लोगों का मुंह: दुल्हन

पलामू के पांकी के सालिमदिरी की रहने वाली अंजू कुमारी के पति का निधन 2024 में हो गया था. अंजू कुमारी के पति लोहरदगा के कुडू में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे. पांकी के ही रहने वाले संदीप यादव ने अंजू कुमारी का हाथ थामा है. अंजू कुमारी बताती हैं कि अब लोगों का मुह बंद हो जाएगा, किसी के पास कुछ बोलने के लिए नहीं रह जाएगा.

मुझ पर लगाए जाते थे लांछन: अंजू कुमार

अंजू कुमारी बताती हैं कि विधवा होने के बाद उन्हें हर एक बात के लिए ताना मारा जाता था और लांछन लगाया जाता था. लोग मनहूस बोलते थे और उनकी बातों को अपशगुन मानते थे लेकिन अब कोई कुछ नहीं बोल पाएगा. वहीं अंजू देवी से शादी करने वाले संदीप यादव कहते हैं कि विधवा होने वाली महिलाओं को प्रताड़ित किया जाता है. लातेहार के महुआडांड के रहने वाली चिंतामनी ने रंजीत नाम के शख्स का हाथ थामा है. चिंतामणि 2003 में विधवा हो गई थी.

वहीं शिक्षाविद अविनाश देव ने बताया कि विधवा महिलाओं को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विधवा महिलाओं की शादी करवाई जा रही है.

बता दें कि पलामू में विधवाओं को जागरूक करने का अभियान शुरू किया गया है ताकि वे मुख्यधारा में शामिल हो सके.

Read more

Local News