पलामू: जिले के पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने थाना प्रभारी को निलंबित किया है. थाना प्रभारी पर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना का आरोप है. दरअसल, पलामू पुलिस के वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि थाना प्रभारी के द्वारा कई आदेश का उल्लंघन किया जा रहा है.
जांच के बाद हुई निलंबन की कार्रवाई
इसी सूचना के आलोक में डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में जांच करवाई गई थी. जांच रिपोर्ट के बाद थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय को निलंबित कर दिया गया है. फिलहाल पाटन थाने में एक सब इंस्पेक्टर को प्रभार दिया गया है. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि डीएसपी की रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रभारी को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है.
डेढ़ साल से थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे शशिशेखर पांडेय
एसपी कपिल चौधरी के पलामू में पदभार ग्रहण करने के बाद यह सबसे बड़ी कार्रवाई है. शशिशेखर पांडेय, पिछले डेढ़ साल से पाटन में थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे. उससे पहले शशिशेखर पांडेय हरिहरगंज थाना में जेएसआई थे. शशिशेखर पांडेय 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं.
बता दें कि 2024 में शशिशेखर पांडेय की पलामू में तैनाती हुई थी. पलामू एसपी लगातार पलामू में आम लोगों के साथ पुलिस के बेहतर समन्वय के लिए कार्य कर रहे हैं. लोगों के साथ बेहतर संवाद के लिए पलामू पुलिस ने संवाद कार्यक्रम की भी शुरूआत की है.


