पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव की घोषणा के बाद परिसर में चुनावी माहौल है। 28 फरवरी को मतदान होगा। उम्मीदवारों के लिए 75% उपस्थिति, स्वच्छ आचरण और कोई आपराधिक आरोप न होने की योग्यता तय की गई है। नामांकन फॉर्म 11 से 14 और 16 से 18 फरवरी तक भरे जाएंगे। चुनाव कराने के लिए 14 सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो उम्मीदवारों की जांच करेगी
पटना। पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद परिसर में चुनावी माहौल में धीरे-धीरे छाता जा रहा है। छात्र संगठनों ने वैसे उम्मीदवारों की खोज शुरू कर दी है जिनकी विश्वविद्यालय में स्वच्छ छवि है और उनपर किसी तरह का आरोप नहीं है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि छात्र संघ चुनाव नियमावली के अनुसार कक्षाओं में उपस्थिति और आचरण की जांच की जाएगी। इसके अलावा उक्त उम्मीदवार पर किसी का आरोप या प्राथमिकी न हो। सर्वप्रथम कक्षाओं में उम्मीदवारों की उपस्थिति 75 प्रतिशत होनी अनिवार्य है।
नॉमिनेशन के बाद चेक होगा फार्म
छात्र संघ चुनाव के लिए 11 से 14 फरवरी तक नॉमिनेशन फार्म मिलेगा और 16 से 18 फरवरी तक इसे भरा जाएगा। विश्वविद्यालय ने कहा है कि नामिनेशन फार्म में तीन चीजों को देखा जाएगा। जिसमें पहला उम्मीदवार की कक्षाओं में उपस्थिति, विभाग या कालेज में उनका आचरण और उम्मीदवार किसी मामले में आरोपित तो नहीं हैं। जो उम्मीदवार नामिनेशन करेंगे उनके फार्म की जांच की जाएगी। सभी कालेजों और विभागों से नामांकित सूची के अलावा छात्र-छात्राओं की कक्षाओं की उपस्थिति सूची मंगाई जा रही है। ताकि उम्मीदवारों की कक्षाओं में उनकी उपस्थिति की जांच की जा सके।
चुनाव कराने के लिए कमेटी गठित
पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 28 फरवरी को होना है। चुनाव संपन्न कराने के लिए कुल 14 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जिसमें प्रो. शंकर कुमार को मुख्य चुनाव पदाधिकारी, प्रो. खगेंद्र कुमार को एडवाइजर, डा. वीरेंद्र प्रसाद और प्रो. एनके झा को आब्जर्वर बनाया गया है।
इसी तरह इसके कुल 11 सदस्य नियुक्त किए गए हैं। जिसमें जूलाजी विभाग के हेड प्रो. परिमल कुमार खान, भूगोल विभाग के प्रो. नजीम, उर्दू विभाग के हेड प्रो. सूरज देव सिंह, अप्लाएड इकोनामिक्स एंड कामर्स के हेड प्रो. एसबी लाल, पटना ला कालेज के डा. सलीम जावेद, पटना कालेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार, बीएन कालेज के प्राचार्य डा. राजकिशोर प्रसाद, मगध महिला कालेज के प्राचार्य प्रो. एनपी वर्मा, साइंस कालेज की प्राचार्य प्रो. अलका, पटना ट्रेनिंग कालेज के प्राचार्य प्रो. वासे जफर, पटना वीमेंस ट्रेनिंग कालेज की प्राचार्य प्रो. मनोव्वर जहां, आर्ट कालेज की प्राचार्य डा. राखी कुमारी और पटना वीमेंस कालेज की प्राचार्य सिस्टर एम. रश्मी एसी शामिल हैं।
ग्रिवांस सेल में विश्वविद्यालय के डीन प्रो.योगेंद्र कुमार वर्मा, प्राक्टर प्रो. मनोज कुमार सिन्हा, प्रो. अतुल आदित्य पांडेय, डा. राजकिशोर प्रसाद और कुलसचिव प्रो. शालिनी शामिल हैं।


