पटना में ठंड के कारण पांचवीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूल 13 जनवरी तक बंद रहेंगे। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने रविवार को यह आदेश जारी किया। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। छठी से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक एहतियात के साथ संचालित होंगी। यह आदेश 12 और 13 जनवरी के लिए है।
पटना। ठंड के कारण पटना के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में पांचवीं तक की कक्षाओं के संचालन पर फिर से रोक लगा दी गई है।
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने रविवार को इस आशय का आदेश जारी किया है। इसके तहत अब प्री स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों समेत पाचवीं तक की कक्षाएं 13 जनवरी तक स्थगित रहेंगी।
ऊपर की कक्षाओं का संचालन 10.30 से 3.30 बजे के बीच पूरे एहतियात के साथ किया जा सकेगा। इस बार यह आदेश 12 एवं 13 जनवरी के लिए दिया गया है।
जनवरी में एक दिन भी नहीं चली आठवीं तक की क्लास
बता दें कि पूर्व में जारी आदेश 8वीं कक्षा तक के लिए था, वह 11 जनवरी तक के लिए प्रभावी था। आठ जनवरी को यह आदेश जारी किया गया था।
उससे पूर्व 3 जनवरी को डीएम ने मौसम को देखते हुए आठ जनवरी तक के लिए कक्षाओं को प्रतिबंंधित करने का आदेश दिया था।
इससे एक दिन पहले यानी 2 जनवरी को जारी आदेश में मौसम में कुछ बदलाव देखते हुए पांचवीं तक की कक्षाएं प्रतिबंंधित की गई थीं। पिछले वर्ष 2025 के दिसंबर में 31 से 2 जनवरी 2026 के लिए कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश आया था।
ठंड का सितम अभी जारी है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलती है, लेकिन शाम ढलते ही मौसम बेहद सर्द हो जाता है।


