डबल डेकर फ्लाई ओवर के जरिए पीएमसीएच जाना बेहद आसान होने वाला है. अंजुमन इस्लामिया हॉल के पास रैंप बनाया जाएगा. इसके बनने से लोगों को जाम की झंझट नहीं झेलनी पड़ेगी और आसानी से पीएमसीएच पहुंच सकेंगे.
पटना के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलने वाली है. डबल डेकर फ्लाई ओवर से सीधे पीएमसीएच जाने में लोगों को सुविधा मिलने वाली है. डबल डेकर फ्लाई ओवर से रैंप बनाकर पीएमसीएच में बन रही मल्टी लेवल कार पार्किंग से जोड़ा जाएगा. अप्रैल तक यह काम पूरा होने की संभावना है. इसके बाद बिना ट्रैफिक जाम के लोगों को पीएमसीएच परिसर में जाने में सहूलियत होगी.
तीन रैंप बनाने की है योजना
डबल डेकर फ्लाई ओवर से पीएमसीएच को कनेक्टिविटी देने के लिए यह पहला रैंप बनेगा. ऐसे में टोटल तीन जगहों पर रैंप बना कर पीएमसीएच में बनने वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग से जोड़ने की योजना है. इसमें दो रैंप ऊपर वाले फ्लाई ओवर से कनेक्ट होंगे. जबकि एक रैंप नीचे वाले फ्लाई ओवर से जोड़ा जायेगा. फिलहाल जगह की उपलब्धता को लेकर एक रैंप का काम तेजी से हो रहा है.
प्रमंडलीय आयुक्त ने दिया था आदेश
हाल ही में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने पीएमसीएच रोगी कल्याण समिति की बैठक में डबल डेकर फ्लाई ओवर से पीएमसीएच की मल्टी लेवल कार पार्किंग से जोड़ने को लेकर निर्माण का काम तेज करने का निर्देश दिया था.
इस जगह बन रहा पहला रैंप
अशोक राजपथ में अंजुमन इस्लामिया हॉल के साइड में डबल डेकर फ्लाई ओवर से पीएमसीएच को कनेक्टिविटी देने के लिए रैंप का निर्माण हो रहा है. रैंप बना कर उसे पीएमसीएच में बन रही मल्टी लेवल कार पार्किंग से जोड़ा जाएगा. फ्लाई ओवर से पीएमसीएच में बनने वाली पार्किंग की दूरी 75 से 100 मीटर है. पार्किंग तक जाने के लिए तीन पाया बनाकर उसे रैंप से जोड़ा जायेगा.
कनेक्टिविटी को मिल सकेगा बढ़ावा
पीएमसीएच जाने के लिए तीन जगहों पर कनेक्टिविटी दी जाएगी. अंजुमन इस्लामिया हॉल के पूरब और पश्चिम के अलावा पीएमसीएच गेट नंबर दो के पास रैंप बनाए जायेंगे. पीएमसीएच गेट नंबर दो के पास रैंप के निर्माण के लिए पुरानी बिल्डिंग के नहीं टूटने की वजह से रैंप निर्माण में देरी हो रही है. पुरानी बिल्डिंग तोड़ने का काम एल एंड टी को करना है.


