लातेहार, 14 अक्टूबर 2026: ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम बुधवार को झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा स्थित प्रसिद्ध मां उग्रतारा नगर भगवती मंदिर पहुंचे। उन्होंने अपने परिवार के साथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां उग्रतारा का आशीर्वाद लिया।
राज्यपाल ने पूजा के दौरान सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और आम जनता के हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
परिवार के साथ मंदिर पहुंचे राज्यपाल
ब्रजमोहन राम के साथ उनकी पत्नी, पुत्र अनिल कुमार और अमित कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। उनके मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया।
पारंपरिक तरीके से किया गया सम्मान
मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम सेवायत सह मुन्तजिमकार पंडित गोविंद बल्लभ मिश्र और अश्विनी मिश्रा के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से राज्यपाल को पारंपरिक रूप से चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कई प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में एसडीओ दिनेश कुमार, अंचलाधिकारी सुमित झा, थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, राजधानी यादव, राकेश दुबे और राजेश चंद्र पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राज्यपाल का स्वागत किया।
BHARATSUPERFASTNEWS
