Sunday, April 19, 2026

धनबाद हिंसक झड़प: जेएमएम नेता कारू यादव गिरफ्तार, बिहार के जमुई में पुलिस को मिली सफलता

Share

धनबाद: कंपनी में वर्चस्व को लेकर खरीखरी हिलटॉप आउटसोर्सिंग में गोलीबारी और बमबाजी के मास्टरमाइंड कारू यादव को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मिली जानकारी के अनुसार कारू यादव को बिहार के जमुई से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस कारू यादव को धनबाद ले आई है.

एसएसपी द्वारा गठित एसआईटी टीम ने झामुमो नेता को बिहार से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. कारू यादव को एसआईटी टीम धनबाद लेकर आई. इसके बाद पुलिस भारी सुरक्षा के बीच कारू यादव को मधुबन थाना ले गई. कारू यादव को खरखरी स्थित उसके मार्केट परिसर में ले जाकर पूछताछ कर रही है. इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के लिए सड़क पर जवानों को भी तैनात किया है. कारू यादव के साथ उसके भतीजे रोशन यादव को भी गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि रोशन ने ही एसडीपीओ बाघमारा पर पत्थर से हमला किया था. जिसमें एसडीपीओ गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

इससे पहले पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. मामले में कुल अलग-अलग 9 प्राथमिकी दर्ज की गई है. 100 से अधिक नामजद आरोपी बनाए गए हैं. कारू यादव की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि एसएसपी एचपी जनार्दन आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मीडिया को जानकारी देंगे.

आपको बता दें कि 9 जनवरी को मधुबन थाना क्षेत्र के हिल टॉप आउटसोर्सिंग में रैयत और कंपनी प्रबंधन के गुर्गों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. जिसमें गोलीबारी, बमबाजी और पथराव की घटनाएं हुई थीं. साथ ही गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के कार्यालय में आग लगा दी गई थी

घटना के तुरंत बाद बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मुख्य आरोपी कारू यादव को गिरफ्तार करने पहुंचे. इस दौरान कारू यादव के समर्थकों ने पुलिस पर हमला कर दिया. पुलिस पर पथराव किया गया. इस घटना में बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज दुर्गापुर मिशन अस्पताल में चल रहा है.

कारू यादव पूरी घटना का मास्टरमाइंड है. उसकी गिरफ्तारी के लिए धनबाद पुलिस एसडीपीओ के नेतृत्व में बिहार के जमुई में छापेमारी कर रही थी. पुलिस उसके पूरे नेक्सस को ध्वस्त करना चाहती है. कारू यादव की गिरफ्तारी एक अहम सफलता मानी जा रही है

Read more

Local News