धनबाद: धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना के समीप उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक सड़क करीब 2 फीट नीचे तक धंस गई. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर कई जगहों पर दरारें भी साफ नजर आ रही हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.
सूचना मिलते ही केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी. पुलिस लगातार राहगीरों और वाहन चालकों को सतर्क कर रही है ताकि कोई अनहोनी न हो. फिलहाल बोकारो की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है.
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है. सड़क नीचे धंसने और दब जाने के कारणों की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह बड़ा हादसा बन सकता है.
स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने कहा कि रांची राजधानी को धनबाद से जोड़ने वाली मुख्य सड़क मार्ग है. यह सड़क बंद होने के बाद लोगों को काफी घूमकर जाना पड़ेगा. बीसीसीएल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जहरीली गैस के कारण चार पांच महीने पहले ही तीन चार लोगों की मौत इलाके में हो चुकी है. कई लोग बीमार पड़े, लेकिन बीसीसीएल की तरफ से कोई पहल नहीं की जा रही है.
वहीं, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने कहा कि सड़क धंसने की सूचना पर मौके पहुंचे हैं. सुरक्षा के लिहाज से सड़क के दोनों ओर बैरियर लगा दी गई है. वाहनों को दूसरे वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है. बीसीसीएल अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई है.


