देवघर: पिछले कई दिनों से आंशिक हड़ताल की वजह से प्रभावित हुई देवघर शहर की सफाई व्यवस्था अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है.
बकाया भुगतान की मांग को लेकर आधे से अधिक सफाई कर्मचारियों ने काम से दूरी बना ली थी. जिसके कारण शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख इलाकों में गंदगी का अंबार लग गया. हालांकि अब नगर निगम प्रशासन और मेयर के हस्तक्षेप के बाद सभी सफाई कर्मचारी दोबारा पूरी तरह काम पर लौट आए हैं.
सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का असर पूरे शहर में साफ तौर पर दिखाई दे रहा था. जहां सामान्य दिनों में शहर की सफाई तीन शिफ्टों में होती थी, वहीं हड़ताल के दौरान केवल एक शिफ्ट में ही सफाई कार्य किया जा रहा था. इसकी वजह से चार से पांच दिनों तक शहर के कई इलाकों में कूड़े का ढेर जमा रहा और लोगों को बदबू तथा गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ा.
शहर की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मेयर रवि राउत खुद सोमवार और मंगलवार को शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण करने निकल पड़े. निरीक्षण के दौरान जहां-जहां गंदगी दिखाई दी, वहां उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को फोन कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. मेयर ने कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का जायजा लेते हुए निगम अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने का आदेश भी दिया.
निरीक्षण के बाद मेयर ने पाया कि अब सभी सफाई कर्मचारी काम पर वापस लौट चुके हैं और शहर में सफाई अभियान तेज कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की जो भी जायज मांगें हैं, उन्हें पूरा करने के लिए निगम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं. साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि बकाया भुगतान को लेकर निगम गंभीर है और जल्द समाधान निकालने की दिशा में काम किया जा रहा है.

देवघर मेयर रवि राउत ने कहा कि सावन माह अब नजदीक है और देवघर में इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है. ऐसे में शहर की साफ-सफाई और व्यवस्था को दुरुस्त रखना नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. वे खुद लगातार शहर की व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं और जहां से भी शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है.
मेयर ने विशेष रूप से मंदिर क्षेत्र, शिवगंगा और आसपास के इलाकों को संवेदनशील बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सबसे ज्यादा भीड़ इन्हीं क्षेत्रों में होती है. इसे देखते हुए यहां अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी ताकि भीड़ बढ़ने के बावजूद साफ-सफाई की व्यवस्था प्रभावित न हो.
मेयर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सावन शुरू होने से पहले देवघर शहर को पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जाए ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.


