देवघर: देवघर नगर निगम कार्यालय में अब कार्यालय की ओर से जारी पहचान-पत्र के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। नगर आयुक्त के 18 सितंबर के आदेश के बाद यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। नगर निगम का कहना है कि इसका उद्देश्य कार्यालय में सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त माहौल बनाए रखना है।
सभी कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के लिए आई-कार्ड जरूरी
नए आदेश के तहत कार्यालय आने वाले सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को अपना आई-कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा। इसमें नियमित कर्मचारियों के अलावा अनुबंध और अस्थायी कर्मी भी शामिल हैं।
इसके साथ ही नगर निगम से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों के लिए भी कार्यालय में प्रवेश के दौरान पहचान-पत्र रखना जरूरी किया गया है।
कर्मचारियों से दुर्व्यवहार के बाद लिया गया फैसला
नगर निगम के अनुसार, कार्यालय में हाल के दिनों में हुई कुछ गतिविधियों और कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पहचान-पत्र आधारित प्रवेश व्यवस्था से कार्यालय की सुरक्षा और कार्य वातावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आदेश की जानकारी सभी संबंधितों को भेजी गई
नगर निगम कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना एवं अनुपालन के लिए भेजी गई है। मेयर और डिप्टी मेयर को भी इस निर्णय की जानकारी दी गई है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है और कार्यालय में प्रवेश के लिए निर्धारित पहचान-पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।
