देवघर: जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, भारत सरकार की संयुक्त सचिव एवं अभियान निदेशक आराधना पटनायक ने रविवार को मोहनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और NQAS प्रमाणित जमुनिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान आराधना पटनायक ने केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, योजनाओं के संचालन और आम लोगों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जमुनिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उन्होंने संस्थागत प्रसव की सुविधा जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। केंद्र की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) ने बताया कि आवश्यक तैयारियों के बाद यहां प्रसव सेवा शुरू कर दी जाएगी।
12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर
अभियान निदेशक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने केंद्रों पर सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) से जुड़ी सामग्री प्रमुख स्थानों पर लगाने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
अधिकारियों ने योजनाओं की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने देवघर जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी साझा की।
इस मौके पर राज्य से डॉ. मुकेश कुमार, नोडल CPHC, डॉ. एसपी मिश्रा, देवघर के सिविल सर्जन, डॉ. कर्ण, राज्य एपिडेमियोलॉजिस्ट और जिला DPMU की टीम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
