देवघर: झारखंड के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) देवघर का सोमवार को आठवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे मुख्य रूप से मौजूद रहे. स्थापना दिवस के अवसर पर एम्स प्रबंधन की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां संस्थान के निदेशक नितिन गंगाने ने अतिथियों का स्वागत किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम्स निदेशक ने कहा कि देवीपुर स्थित एम्स को पूर्वोत्तर भारत के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि यह संस्थान सिर्फ देवघर ही नहीं बल्कि बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत आसपास के राज्यों के लोगों के लिए भी अत्यंत उपयोगी साबित होगा. करीब 300 एकड़ में फैले इस अस्पताल का आने वाले समय में और विस्तार किया जाएगा. जिससे अधिक लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके.
स्वास्थ्य और सामाजिक विकास में भूमिका निभा रहा है एम्स
एम्स निदेशक ने बताया कि संस्थान में लगातार देश के प्रतिष्ठित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जा रही है. जिससे यहां आने वाले मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवा मिल सके. उन्होंने कहा कि देवीपुर एम्स स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
एम्स से लाखों परिवारों को मिल रहा है बेहतर इलाज
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए लाखों गरीब परिवारों को बेहतर इलाज की उम्मीद मिली है. उन्होंने कहा कि देवघर एम्स बनने से पूरे जिले के विकास को नई गति मिली है. साथ ही आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एम्स को लेकर आम लोगों के बीच एक विशेष विश्वास है और इसी भरोसे को मजबूत करने के लिए देशभर में नए एम्स संस्थानों की स्थापना की जा रही है. उन्होंने कहा कि देवीपुर एम्स आने वाले समय में सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत के लिए वरदान साबित होगा.
स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई का उपयोग बढ़ाया जा रहा है: सांसद
वहीं सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग तेजी से बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में एआई तकनीक का उपयोग कर विकास को नई दिशा दी जा रही है. सांसद ने एम्स प्रबंधन से अपील करते हुए कहा कि देवघर एम्स को तकनीक और आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में जितना आगे बढ़ाया जाएगा, उतना ही यह आम लोगों के लिए लाभकारी साबित होगा.


