दुमका: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) में विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का आंदोलन जारी है। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के समीप चल रही भूख हड़ताल के चौथे दिन शुक्रवार को दो छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम धरना स्थल पर पहुंची और दोनों छात्रों की चिकित्सकीय जांच की।
ब्लड प्रेशर और ग्लूकोज स्तर में गिरावट
भूख हड़ताल पर बैठे छात्र सूरज कुमार और हिमांशु कुमार की जांच दुमका सदर प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मकसूद आलम ने की। चिकित्सक के अनुसार दोनों छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक है और उनका ब्लड प्रेशर तथा ग्लूकोज स्तर लगातार कम हो रहा है।
आंदोलन स्थल पर अन्य छात्र भी मौजूद हैं, जो भूख हड़ताल कर रहे छात्रों के समर्थन में धरने में शामिल हैं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया को लेकर छात्रों में नाराजगी
धरना स्थल पर मौजूद छात्र मनीष कुमार ने कहा कि अब तक विश्वविद्यालय या प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी छात्रों से बातचीत करने या उनकी स्थिति जानने के लिए नहीं पहुंचा है। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
परीक्षा विभाग में अनियमितता की जांच की मांग
आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांग विश्वविद्यालय की प्रभारी परीक्षा नियंत्रक रीना नीलिमा लकड़ा को पद से हटाने की है। छात्रों ने परीक्षा संचालन, परिणाम जारी करने, प्रमाण पत्र देने, परीक्षा केंद्र तय करने और पुनर्मूल्यांकन से जुड़े कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है।
उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच स्वतंत्र उच्चस्तरीय समिति या सक्षम अधिकारी से कराई जाए और जांच के निष्कर्ष को सार्वजनिक किया जाए।
एजेंसी हटाने और शिकायत केंद्र बनाने की मांग
छात्रों ने विश्वविद्यालय में रिजल्ट प्रकाशन और सर्टिफिकेट प्रिंटिंग से जुड़े कार्य कर रही एनसीसीएफ एजेंसी को हटाने की भी मांग रखी है। इसके अलावा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय में स्थायी शिकायत निवारण केंद्र बनाने की मांग की गई है।
छात्रावास और मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर
ABVP से जुड़े छात्रों ने विश्वविद्यालय और उसके अधीन आने वाले कॉलेजों में सामान्य और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास बनाने की मांग की है। मौजूदा छात्रावासों में पेयजल, बिजली, शौचालय, भोजन और सुरक्षा समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
लाइब्रेरी, एलएलबी और समय पर पढ़ाई की मांग
छात्रों ने विश्वविद्यालय के पुस्तकालय भवन का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भवन विद्यार्थियों को सौंपने से पहले इसकी तकनीकी गुणवत्ता और निर्माण कार्य की जांच सक्षम एजेंसी से कराई जानी चाहिए।
इसके साथ ही पढ़ाई और परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कराने तथा विश्वविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग भी आंदोलनकारियों ने रखी है।
