Friday, June 19, 2026

तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें धर्मशाला पहुंच गई हैं, मैच 14 दिसंबर को खेला जाएगा.

Share

धर्मशाला 14 दिसंबर को तीसरे टी-20 इंटरनेशनल की मेजबानी करेगा, जिसके लिए दोनों टीमें आज हिमाचल पहुंच गई हैं. खिलाड़ी चंडीगढ़ से चार्टर प्लेन के जरिए गगल एयरपोर्ट पहुंचे. सबसे पहले टीम इंडिया कांगड़ा एयरपोर्ट उतरी, जहां खिलाड़ियों का पारंपरिक हिमाचली ढोल-नगाड़ों और स्थानीय कलाकारों ने स्वागत किया. एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटी. फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखने के लिए घंटों इंतजार करते रहे. एयरपोर्ट का माहौल पूरी तरह क्रिकेट रंग में रंगा हुआ दिखा.

टीम के लिए एचपीसीए और जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे. खिलाड़ी कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच सीधे होटल के लिए रवाना हुए. वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम भी दोपहर बाद धर्मशाला पहुंच गई. दोनों टीमें शनिवार को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास करेंगी

BCCI ने जारी किया अभ्यास शेड्यूल

बीसीसीआई ने दोनों टीमों का अभ्यास शेड्यूल जारी कर दिया है. 13 दिसंबर को दोनों टीमें अलग-अलग समय पर नेट अभ्यास करेंगी. मैच के बाद 15 दिसंबर को दोनों टीमें अगला मुकाबला खेलने लखनऊ रवाना होंगी.

टिकटों की बिक्री शुरू

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के लिए ऑफलाइन टिकट बिक्री आज से शुरू हो गई है. टिकटों पर कोई छूट नहीं मिलेगी और एक पहचान पत्र पर केवल दो टिकट जारी होंगी, ताकि ब्लैक मार्केटिंग रोकी जा सके. ऑफलाइन टिकट 1500 रुपये में उपलब्ध होगी, जबकि ऑनलाइन टिकट 1750 रुपये से शुरू है.

सीरीज 1-1 की बराबरी पर

भारत पिछला मैच 51 रन से हारा था. ऐसे में 5 मैचों की सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है. धर्मशाला का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बढ़त हासिल करने के लिहाज़ से बेहद अहम हो गया है.

HPCA की तैयारियां पूरी

एचपीसीए स्टेडियम में सभी तैयारियां लगभग पूरी हैं. हिमालय की खूबसूरत वादियों के बीच बना धर्मशाला स्टेडियम फिर से अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है.

Read more

Local News