पटना सहित 13 जिलों में मौसम विभाग ने गर्मी और उमस को लेकर चेतावनी जारी की है। दक्षिणी बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी है जबकि उत्तरी भागों में गरज और बारिश की संभावना है। मधेपुरा में सबसे ज्यादा 32 मिमी बारिश दर्ज की गई। मानसून का इंतजार है जिसके 18-20 जून तक आने की संभावना है।
पटना। राजधानी सहित प्रदेश के दक्षिणी भागों में अभी उमस भरी गर्मी से राहत के आसार नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट आएगी लेकिन गर्म और आर्द्र दिन लोगों को परेशान करेगी।
पटना सहित 13 जिलों में गर्म और आर्द्र दिन रहने को लेकर चेतावनी जारी की है। जबकि उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को भी उमस वाली गर्मी से लोग हलकान रहे। घर से लेकर बाहर तक गर्मी और पसीने से लोग तरबतर दिखे। हवा की गति कम और नमी ज्यादा होने से लोगों को अधिक गर्मी महसूस हो रही है।
बीते 24 घंटों के दौरान मधेपुरा, खगड़िया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल में वर्षा दर्ज की गई। मधेपुरा के पुरैनी में 32 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई।
शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 42.2 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी सबसे गर्म स्थान रहा।
मानसून को लेकर करना होगा इंतजार
दक्षिण पश्चिम मानसून को लेकर अभी इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में पहुंचने के आसार है।
उसके बाद तीन दिनों के दौरान गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि प्रदेश में मानसून 18-20 जून के दौरान दस्तक दे सकती है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मानसून आने को लेकर कोई भी पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है।
इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा
खगड़िया के बालतारा में 22.8 मिमी, भागलपुर के बीहपुर में 15.8 मिमी , पूर्णिया के ढेंगराघाट में 12 मिमी, भागलपुर के नौगछिया में 8.6 मिमी, कटिहार के अमदाबाद में 8.2 मिमी, सहरसा के नौहट्टा में 7.2 मिमी, मधेपुरा के उदयी किशनगंज में 3.2 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 1.4 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 0.8 मिमी एवं सुपौल में 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।


