Monday, June 22, 2026

डेविड धवन ने अपनी आखिरी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के प्रमोशन पर फिल्म निर्देशन से संन्यास का ऐलान कर दिया है.

Share

मसाला-कॉमेडी फिल्मों के किंग डायरेक्टर डेविड धवन, जिनका असली नाम राजेंद्र धवन है, ने हाल ही में फिल्म निर्देशन से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया. बतौर डायरेक्टर डेविड धवन की आखिरी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ है. अपनी आखिरी फिल्म में डेविड ने अपने बेटे वरुण धवन को डायरेक्ट किया है. फिल्म की प्रमोशन के दौरान ही डेविड ने अपने संन्यास का ऐलान किया था. 74 वर्षीय डेविड धवन ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को तीन दशक से भी लंबा समय दिया और इस दौरान उन्होंने एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फिल्में दीं, जिसे देख दर्शक खूब लोटपोट हुए. डेविड धवन और उनकी फिल्मों को अअब बॉलीवुड और उनकी ऑडियंस बहुत मिस करने वाली है. डेविड को बॉलीवुड का कॉमेडी किंग फिल्ममेकर कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी. चलिए डालते हैं दिग्गज डायरेक्टर के करियर पर एक नजर.

डेविड धवन का बॉलीवुड डेब्यू

डेविड ने अपने फिल्म निर्देशन के करियर में 45 से ज्यादा फिल्में डायरेक्ट की है और अगर एवरेज लगाया जाए तो तकरीबन 70 फीसदी से ज्यादा फिल्में हिट साबित हुई हैं. डेविड ने बतौर डायरेक्टर साल 1989 में एक्शन ड्रामा फिल्म ताकतवर से कदम रखा था. इससे पहले वह बतौर एडिटर लाडली (1978) और सारांश (1984) जैसी फिल्मों के लिए काम कर चुके हैं. डेविड ने भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (FTII) से फिल्ममेकिंग के गुण सीखे थे.

डेविड ने अपने हालिया इंटरव्यू में बताया कि वह फिल्म इंडस्ट्री में उनके बड़े भाई अनिल धवन की वजह से आए हैं. बता दें, अनिल धवन ने डेविड की कई फिल्मों में काम किया है, जिसमें मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म हीरो नंबर 1 भी शामिल है.

David Dhawan

गोविंदा को बनाया नंबर 1 स्टार

डेविड धवन ने अपने 37 साल के करियर में ज्यादातर गोविंदा और सलमान खान के साथ काम किया और एक से बढ़कर हिट फिल्में दीं. उन्होंने गोविंदा के साथ फिल्म स्वर्ग (1990) से शुरुआत की थी और इसके बाद डेविड और गोविंदा की जोड़ी ने हिट फिल्मों की लाइन लगा दी. 1997 में डेविड और गोविंदा की जोड़ी ने 2 सुपरहिट फिल्में (दीवाना-मस्ताना और हीरो नंबर 1) दी थीं. वहीं, उसी साल डेविड की सभी फिल्में (दीवाना-मस्ताना, हीरो नंबर 1, बनारसी बाबू, जुड़वां, मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी) हिट हुई थीं.

गोविंदा-डेविड की जोड़ी की सुपरहिट फिल्में

स्वर्ग (1990)

शोला और शबनम (1992)

आंखें (1993)

राजा बाबू (1994)

कूली नंबर 1 (1995)

साजन चले ससुराल (1996)

बनारसी बाबू (1997)

दीवाना-मस्ताना (1997)

हीरो नंबर 1 (1997)

बड़े मियां छोटे मियां (1998)

हसीना मान जाएगी (1999)

कुंवारा (2000)

क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता (2001)

जोड़ी नंबर 1 (2001)

एक और एक ग्यारह (2003)

पार्टनर (2007)

डू नॉट डिस्टर्ब (2009)

डेविड ने गोविंदा के साथ 17 फिल्में कीं और इनमें से 10 से ज्यादा फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुई हैं. फिल्म जुड़वां भी गोविंदा के साथ शुरू हुई थी और बाद में यह फिल्म गोविंदा ने सलमान की रिक्वेस्ट पर उन्हें दे दी.

David Dhawan

‘शोला और शबनम’ का आइडिया कैसे आया?

अपने हालिया इंटरव्यू में डायरेक्टर ने इसका खुलासा किया. डेविड ने बताया साल 1990 में दो सुपरहिट फिल्में घायल और दिल आई थीं. उन्होंने बताया कि फिल्म शोला और शबनम का फर्स्ट हाफ दिल की तरह एंटरटेनिंग हैं और सेकंड हाफ ‘घायल’ की तरह सीरियस है.

सलमान खान को दिया सहारा

ना सिर्फ गोविंदा बल्कि बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान के साथ भी डेविड धवन ने कम धमाल नहीं मचाया है. डेविड ने सलमान के साथ फिल्म जुड़वां (1997) से शुरुआत की थी. जुड़वां एक मास कॉमेडी ड्रामा ब्लॉकबस्टर फिल्म हैं, जिसमें सलमान खान को जुड़वां रोल में देखा गया था.

डेविड-सलमान की जोड़ी की हिट फिल्में

जुड़वां (1997)

बीवी नंबर 1- (1999)

दुल्हन हम ले जाएंगे (2000)

चल मेरे भाई (2000)

ये है जलवा (2002)

मुझसे शादी करोगी (2004)

मैंने प्यार क्यूं किया (2005)

पार्टनर (2007)

दीवाना-मस्ताना (1997) स्पेशल कैमियो

मैं तेरा हीरो (2014) (वॉयसओवर)

जुड़वां 2 (2017) (स्पेशल अपीरियंस)

डेविड और सलमान खान की जोड़ी ने साथ में 9 फिल्में की, जिसमें ज्यादा फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं. सलमान के साथ जुड़वां के बाद मुझसे शादी करोगी और पार्टनर सबसे बड़ी हिट फिल्म हैं.

इन स्टार संग भी दी सुपरहिट फिल्में

गोविंदा और सलमान के अलावा डेविड ने ऋषि कपूर (बोल राधा बोल-1992) और अनिल कपूर (लोफर-1996, दीवाना-मस्ताना-1997, घरवाली-बाहरवाली-1998) के साथ कई हिट फिल्में दी हैं.

डेविड धवन ने अपने करियर में बनाई तकरीबन 45 फिल्मों में से कुल 28 फिल्में गोविंदा और सलमान खान के साथ डायरेक्ट की है, जिनमें उनके करियर की एक से एक ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं.

David Dhawan

16 फिल्मों का बनाया हिट हिंदी रीमेक

डेविड धवन ने अपने 37 साल के फिल्मीं करियर में 16 फिल्मों का हिंदी रीमेक बनाया है, जिसमें से अधिकांश फिल्में ब्लॉकबस्टर निकली हैं. उनकी पहली हिंदी रीमेक फिल्म जुर्रत (1989) है, जो कि अमेरिकन क्राइम फिल्म द अनटचेबल्स (1987) से ली गई थी.

डेविड धवन का रीमेक मसाला

स्वर्ग ( हिंदी फिल्म महरबान-1987 से इंस्पायर्ड)

आंधियां (पाकिस्तानी फिल्म दूरियां- 1984 का रीमेक)

आंखें (तमिल कॉमेडी फिल्म अनुभवी राजा अनुभवी-1967 से इंस्पायर्ड)

राजा बाबू (तमिल कॉमेडी ड्रामा रस्कुकुट्टी-1992 से इंस्पायर्ड)

कूली नंबर 1 (तमिल रोमांटिक कॉमेडी सिन्ना मप्लई-1993 का रीमेक)

लोफर (तमिल क्राइम एक्शन वेल्लई किदाईचुदुचु-1990 का रीमेक)

साज चले ससुराल (तेलुगु रोमांटिक कॉमेडी अल्लारी मोगुदू-1992 का रीमेक)

मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी तेलुगु कॉमेडी ड्रामा आ ओकट्टी अडाकु- 1992 का रीमेक)

जुड़वां (तेलुगु एक्शन कॉमेडी हेलो ब्रदर-1994 का रीमेक)

घरवाली बाहरवाली (तमिल कॉमेडी ड्रामा ताईकुलुमे-ताईकुलुमे-1995 का रीमेक)

बीवी नंबर 1 ( तमिल कॉमेडी ड्रामा साथी लीलावती-1995 का रीमेक)

कुंवारा (तेलुगु रोमांटिक कॉमेडी बावागारु बगुन्नारा 1998 की रीमेक)

चोर मचाए शोर (अमेरिकन कॉप एक्शन फिल्म ब्लू स्ट्रीक 1999 का रीमेक)

डेविड धवन की दो फिल्में आंखें और बीवी नंबर 1 फिल्मफेयर अवार्ड्स के लिए नॉमिनेट हुई थीं. साल 2024 में उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया था.

बतौर डायरेक्टर आखिरी फिल्म

डेविड धवन की आखिरी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ जो कि रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर लीड रोल में हैं. फिल्म आगामी 5 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार हैं. फिल्म का नाम डायरेक्टर की ही फिल्म बीवी नंबर 1 के गाने ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से लिया गया है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News