Thursday, November 12, 2026

डायबिटीज के खिलाफ धनबाद में 14 नवंबर को निकलेगी जागरूकता पदयात्रा, ब्लू बैलून कार्यक्रम भी होगा

Share

धनबाद: विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को धनबाद में डायबिटीज के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। धनबाद एक्शन ग्रुप की ओर से आयोजित इस अभियान के तहत शहर में जागरूकता पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा ब्लू बैलून कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मधुमेह से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।

इसकी जानकारी डीएचआरसी के निदेशक सह आरएसएसडीआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. एनके सिंह ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर की सुबह सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक जागरूकता पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं, दोपहर में श्रमिक चौक पर ब्लू बैलून जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा।

नियमित व्यायाम और समय पर जांच जरूरी

डॉ. एनके सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को डायबिटीज के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए नियमित व्यायाम, मोटापे से बचाव, समय पर मधुमेह की पहचान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डायबिटीज से बचाव के लिए जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव बेहद जरूरी हैं।

नीले गुब्बारों से दिया जाएगा जागरूकता का संदेश

उन्होंने बताया कि ब्लू बैलून कार्यक्रम के माध्यम से मधुमेह के खिलाफ एकजुटता, जागरूकता और उम्मीद का संदेश दिया जाएगा। इस वर्ष नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट को भी नीली रोशनी से रोशन किया जाएगा। धनबाद में आयोजित यह कार्यक्रम देशव्यापी जागरूकता अभियान का हिस्सा है।

प्रेसवार्ता में डॉ. लीना सिंह, धीरज शर्मा, मोहम्मद शकील और गांधी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Read more

Local News