रांची: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के ओवल ग्राउंड में शुरू हुई झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए. पहले मैच में कोल्हान डायनामोज ने छोटानागपुर ब्लास्टर्स को 8 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में संताल चैलेंजर्स ने पलामू वॉरियर्स को 6 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की.
पहले मुकाबले में छोटानागपुर ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 107 रन बनाए. टीम ने पावरप्ले में अच्छी शुरुआत की, लेकिन बाद के ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी. कोल्हान डायनामोज की ओर से ममता पासवान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि शेफा हसन ने 2 विकेट हासिल किए.

108 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान डायनामोज ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. दुर्गा मुर्मू, अरुषि गोड़ियाल और आनंदिता किशोर ने टीम की जीत में अहम योगदान दिया. शानदार गेंदबाजी के लिए ममता पासवान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं दुर्गा मुर्मू को मैक्सिमम सिक्सेस और ममता पासवान को बेस्ट इकोनॉमिक बॉलर का पुरस्कार भी मिला.
दूसरा मुकाबला पलामू वॉरियर्स और संताल चैलेंजर्स के बीच खेला गया
दिन के दूसरे मुकाबले में पलामू वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन बनाए. कप्तान अश्वनी कुमारी ने नाबाद 73 रन और पल्लवजीत कौर ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. जवाब में संताल चैलेंजर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

संताल चैलेंजर्स की जीत की नायिका ऋतु कुमारी रहीं, जिन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में नाबाद 47 रन की मैच जिताऊ पारी खेली. कप्तान कुमारी मेघा ने 29 रन और आर्टी कुमारी ने 32 रन का योगदान दिया. उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ऋतु कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं चांदमुनी पूर्ति को मैक्सिमम सिक्सेस और शांति कुमारी को बेस्ट इकोनॉमिक बॉलर का पुरस्कार दिया गया.
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में पहले मुकाबले के पुरस्कार जेएससीए के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम, कार्यकारिणी सदस्य मिहिर प्रतीश टोपनो और रमेश कुमार ने प्रदान किए. दूसरे मुकाबले में जेएससीए कोषाध्यक्ष अमिताभा घोष, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिन्हा और पूर्व संयुक्त सचिव पी.एन. सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया. सभी नकद पुरस्कार मोमेंट्स कंपनी द्वारा प्रायोजित किए गए हैं.

टूर्नामेंट के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर यह संकेत दे दिया कि झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग राज्य की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए एक बड़ा और प्रतिस्पर्धी मंच साबित होने जा रही है.
“झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग राज्य में महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है. हमारी कोशिश है कि झारखंड की प्रतिभाशाली बेटियों को ऐसा मंच मिले, जहां वे अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें. इस लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा और भविष्य में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी. जेएससीए महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.”


