Wednesday, November 25, 2026

झारखंड विधानसभा में CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव पारित, SIR की समय-सीमा बढ़ाने की मांग

Share

रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ताधारी गठबंधन का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। सदन में लंबी चर्चा और सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस के बाद सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, SIR की समय-सीमा बढ़ाने और पूरी प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई है।

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि SIR की समय-सीमा बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने का प्रस्ताव भी रखा।

विधानसभा अध्यक्ष ने ध्वनिमत के आधार पर प्रस्ताव पारित होने की घोषणा की। सत्ता पक्ष के संख्याबल के आधार पर इसे सदन की मंजूरी मिली। चर्चा के दौरान टोका-टोकी और हंगामे के बावजूद विपक्ष के विधायक सदन में मौजूद रहे।

SIR के खिलाफ नहीं, लेकिन पश्चिम बंगाल के हालात पर चिंता

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि झारखंड सरकार विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, लेकिन पश्चिम बंगाल में इस प्रक्रिया के दौरान सामने आए हालात को लेकर चिंतित है।

सरकार के संकल्प में पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा गया कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इसके बाद अपीलों के निपटारे के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन सरकार के अनुसार इनमें से अधिकांश मामलों में सुनवाई नहीं हो सकी।

झारखंड सरकार ने आशंका जताई कि यदि राज्य में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई तो बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। इसलिए वर्तमान प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा करने की मांग की गई है। सरकार ने पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के बाद ही नए सिरे से SIR कराने की बात कही है।

योग्य मतदाताओं के अधिकार का दिया हवाला

सरकार की ओर से पारित संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख किया गया। इसमें कहा गया कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी प्रक्रियागत जटिलता के कारण पात्र मतदाता इस अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।

सरकार ने सदन में चर्चा के बाद संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग सहित सभी सक्षम प्राधिकारों के पास भेजने का प्रस्ताव भी रखा।

38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम हटने या संदेह के दायरे में होने का दावा

झारखंड सरकार ने अपने संकल्प में दावा किया कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटाए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है।

सरकार के अनुसार, नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगतियों और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं।

संकल्प में झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया गया। सरकार का कहना है कि आदिवासी बहुल राज्य में SIR लागू करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के लोगों के पास जरूरी दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव चुनौती बन सकता है।

सुरेश पासवान ने गरीबों और आदिवासियों के दस्तावेजों का मुद्दा उठाया

सदन में चर्चा के दौरान राजद विधायक सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर गरीबों के वोट कटवा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित समुदायों के पास जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती।

पासवान ने बताया कि झारखंड के गरीब और आदिवासी समुदाय के कई लोग मिट्टी के घरों में बांस से बने चोंगा में महत्वपूर्ण कागजात रखते हैं। कई बार घरों में दीमक लगने से बांस के चोंगे के साथ उनमें रखे दस्तावेज भी नष्ट हो जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी परिस्थितियों में दस्तावेजों की कमी के कारण गरीब लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं। पासवान ने बिहार का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां भी गरीबों के नाम कटने के कारण भाजपा सत्ता हासिल करने में सफल रही।

Read more

Local News