Friday, June 19, 2026

झारखंड में होने वाले एसआईआर को लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर से लेकर डीईओ तक को प्रशिक्षित किया जा रहा है.

Share

रांची : झारखंड में मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण 30 जून से शुरू हो रहा है. आगामी 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता को चिन्हित करने का काम करेंगे. इससे पहले चुनाव आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा आज यानी 19 जून से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है.

एसआईआर में किसी प्रकार की गड़बड़ी और त्रुटि ना हो, इसके लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर से लेकर पोल ऑबजर्वर तक को प्रशिक्षित किया जायेगा. जारी आंकड़ों के अनुसार, 19 जून को कंप्यूटर ऑपरेटर का प्रशिक्षण होगा. वहीं 20 जून को डीईओ, अतिरिक्त डीईओ और उप निर्वाचन पदाधिकारी का प्रशिक्षण होगा. इसी दिन ईआरओ, एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ का प्रशिक्षण दिन के तीन बजे से होगा. 22 जून को बीएलओ और 23 जून को बीएलओ-2 का प्रशिक्षण होगा. बीएलओ -2 का प्रशिक्षण 24 -25 जून को होगा. वॉलेंटियर का प्रशिक्षण 27 और 29 जून को होगा. वहीं पोल ऑब्जर्व्स का प्रशिक्षण 27 जून को ऑनलाइन माध्यम से होगा.

कर्मी एसआईआर को लेकर होंगे तैयार – सीईओ

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके जरिए निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी एसआईआर को लेकर तैयार होंगे. आयोग का स्पष्ट मानना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छुटे नहीं. उन्होंने कहा कि अब तक करीब 81% मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है. जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. वे अपने बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग करा सकते हैं.

उन्होंने कहा कि करीब 1.61 करोड़ मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है. अनमैप किए गए मतदाताओं से अनुरोध है कि यदि आप या आपके माता-पिता झारखंड के बाहर पिछली एसआईआर मतदाता सूची में मतदाता के रूप में पंजीकृत थे, तो गणना अवधि के दौरान बीएलओ के घर-घर दौरे के समय झारखंड या अन्य राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की 2003 की एसआईआर मतदाता सूची का विवरण बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराएं.

Read more

Local News