Wednesday, June 10, 2026

झारखंड में मानसून का अलर्ट जारी, कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.

Share

रांचीः झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की प्रतीक्षा अब जल्द समाप्त हो सकती है. मौसम केंद्र, रांची के ताजा आकलन के मुताबिक राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. ऐसे संकेत हैं कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून झारखंड के कई हिस्सों में प्रवेश कर सकता है. इसके प्रभाव से कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

आज इन जिलों में बदलाव के आसार

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. विशेष रूप से धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ समेत उत्तर-पूर्वी एवं निकटवर्ती मध्य झारखंड के जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात हो सकती है.

WEATHER CHANGE IN JHARKHAND

11 जून को रांची समेत मध्य झारखंड में असर

आने वाले गुरूवार को भी राज्य में बादलों का डेरा बना रहेगा. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दिन धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ जिलों में तेज हवाओं के साथ गर्जन और वज्रपात की आशंका है. राज्य के अन्य जिलों में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.

WEATHER CHANGE IN JHARKHAND

12 जून को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

12 जून को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम केंद्र ने दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है. इसके अलावा धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ जिलों में तेज हवा, गर्जन और वज्रपात का खतरा बना रहेगा.

WEATHER CHANGE IN JHARKHAND

लातेहार में न्यूनतम तापमान सबसे कम

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार दुमका में सर्वाधिक 37.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा गोड्डा, मेहगामा, महरो, बोआरीजोर और अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा हुई. तापमान के मोर्चे पर डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा.

Read more

Local News