Monday, September 14, 2026

झारखंड में आज छाए रहेंगे बादल, कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना.

Share

रांची: झारखंड में सोमवार, 14 सितंबर को मौसम सुहाना रहने के साथ कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। बारिश के बावजूद उमस बढ़ने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।

15 से 17 सितंबर तक खराब रह सकता है मौसम

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 से 17 सितंबर के बीच झारखंड के कुछ हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

रांची में भी बारिश के आसार

राजधानी रांची में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

  • 15 सितंबर: अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास
  • 16 सितंबर: अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास
  • 17 सितंबर: तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं
  • 18 और 19 सितंबर: बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है

झारखंड में सामान्य से 4 फीसदी कम बारिश

मॉनसून के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक झारखंड में 869.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 906.9 मिलीमीटर है। इस लिहाज से राज्य में अब तक सामान्य से करीब 4 फीसदी कम बारिश हुई है।

जिलेवार आंकड़ों में पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां सामान्य से 45 फीसदी ज्यादा, यानी 1317.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं पाकुड़ में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। पाकुड़ में सामान्य से 48 फीसदी कम, यानी 528.7 मिलीमीटर बारिश हुई है।

Read more

Local News