रांचीः झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने 01 मई से आरंभ हुई जनगणना- 2027 की प्रथम प्रक्रिया में अपनी सहभागिता निभाई.
जनगणना के तहत ‘आवास गणना’ के अंतर्गत रांची जिला के ओरमांझी प्रखंड स्थित अपने गांव कुच्चू स्थित पैतृक आवास पर स्व-गणना (Self-Enumeration) का फॉर्म भरकर राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता निभाई. इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी राज्यवासियों से इस राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है. इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से बनाने और उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनगणना की टीम आपके घर भी पहुंचेगी. यह सिर्फ सरकार का काम नहीं है, बल्कि यह आपकी हमारी सबकी जिम्मेदारी है.
आदित्य साहू ने राज्यवासियों से आग्रह किया कि इस राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए मांगी गई आवश्यक जानकारियां सही और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराएं. देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. उन्होंने इससे संबंधित se.census.gov.in लिंक शेयर करते हुए कहा कि आप चाहें तो इस लिंक के माध्यम से स्वयं भी स्व-गणना का फॉर्म भर सकते हैं.
एक और मैट्रिक टॉपर सन्नी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया सम्मानित
राज्य में जैक बोर्ड से दसवीं के टॉपर में से एक सन्नी कुमार वर्मा को भी प्रदेश कार्यालय में सम्मानित किया गया. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सन्नी कुमार को सम्मानित किया. साथ ही कहा कि शेष दो टॉपर्स को भी प्रोत्साहन राशि जल्द मिलेगी.

प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए भाजपा सदैव संकल्पित: आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जैक बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र सन्नी कुमार वर्मा को उनकी शानदार सफलता के सम्मानित करते हुए एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की. प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सन्नी को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर आगे की पढ़ाई के लिए उक्त राशि प्रदान कर अपना वादा पूरा किया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि रांची के मधुकम निवासी ब्रजेश कुमार वर्मा के पुत्र सन्नी कुमार वर्मा ने सेंट अलोयसियस हाई स्कूल रांची से मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है. उनकी यह अद्भुत सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है.

उन्होंने बताया कि सन्नी के पिता कपड़े की दुकान में कार्य करते हैं तथा रात्रि में नाइट गार्ड की नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. एक छोटे से किराए के कमरे में रहने के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की शिक्षा और सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया. सन्नी और उसके परिवार के संघर्ष और सफलता हर युवा को प्रेरणा देने का काम करेगा.
आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा, प्रतिभा और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का जो वातावरण बना है. उसी का परिणाम है कि आज साधारण परिवारों से निकलकर भी बच्चे अपनी मेहनत और लगन से असाधारण उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं. मेरा विश्वास है कि समाज के मेधावी और परिश्रमी विद्यार्थियों को यदि समय पर सहयोग और प्रोत्साहन मिले, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज, राज्य और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकते है.
उन्होंने कहा कि केवल कल्पनाओं या इच्छाओं से कार्य सिद्ध नहीं होते, बल्कि परिश्रम और प्रयास से ही सफलता मिलती है. जिस प्रकार सोए हुए सिंह के मुख में स्वयं शिकार नहीं आता, उसी प्रकार बिना मेहनत के जीवन में सफलता संभव नहीं है.
इस दौरान भाजपा झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र ,अमर कुमार बाऊरी एवं मनोज सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल, प्रदेश मंत्री अमित कुमार, मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, महानगर रांची जिलाध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे.


