Saturday, June 20, 2026

झारखंड के सभी सरकारी स्कूल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को खुले रहेंगे.

Share

रांची: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर झारखंड के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय 21 जून (रविवार) को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक खुले रहेंगे.

इस दौरान विद्यालयों में योग दिवस से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है.

जारी पत्र के अनुसार, विद्यालय स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही, कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन नहीं किया जाएगा.

पत्र में कहा गया है कि 20 जून (तृतीय शनिवार) और 21 जून (रविवार) को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों का समुचित संचालन किया जाए. इसके अलावा विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों से संबंधित आंकड़े, प्रतिभागियों की संख्या, फोटोग्राफ और अन्य विवरणों को जिला स्तर पर संकलित कर राज्य कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा. इसके लिए एक गूगल शीट भी साझा की गई है, जिसमें सभी जिलों को जानकारी भरनी होगी, ताकि राज्य स्तर पर समेकित रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को भेजी जा सके.

राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने अपने निर्देश में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है. ऐसे में सभी विद्यालय इस कार्यक्रम को गंभीरता और उत्साह के साथ आयोजित करें. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में आयोजित सभी गतिविधियों की जानकारी, प्रतिभागियों के आंकड़े एवं फोटोग्राफ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य स्तर पर समेकित प्रतिवेदन तैयार कर शिक्षा मंत्रालय को भेजा जा सके.

Read more

Local News