Tuesday, July 28, 2026

झारखंड के खनिज क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर अमेरिकी DFC प्रतिनिधिमंडल ने की उच्चस्तरीय चर्चा.

Share

रांची: झारखंड के खनिज और औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को लेकर अमेरिका की यूएस इंटरनेशनल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (DFC) के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विशेष रूप से क्रिटिकल मिनरल्स, खनिज अन्वेषण, प्रसंस्करण और खनिज आधारित उद्योगों में सहयोग एवं निवेश के अवसरों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक

DFC की ओर से प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिकारी जतिन बत्रा और बिजनेस डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट करिश्मा हरानेज शामिल थीं। उन्होंने खान एवं भूतत्व तथा उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल से मुलाकात कर राज्य में उपलब्ध खनिज संसाधनों, औद्योगिक विकास की संभावनाओं और निवेश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक राहुल कुमार सिन्हा तथा उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर भी उपस्थित रहे।

क्रिटिकल मिनरल्स और वैल्यू एडिशन पर जोर

चर्चा के दौरान झारखंड की खनिज संपदा, विशेषकर क्रिटिकल मिनरल्स के वैज्ञानिक और सतत विकास, खनिज अन्वेषण, खनिज प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन और खनिज आधारित उद्योगों के विस्तार को लेकर संभावनाओं पर विचार किया गया। राज्य सरकार ने प्रतिनिधिमंडल को औद्योगिक एवं निवेश संवर्धन नीतियों, उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं और निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी।

निवेश-अनुकूल माहौल की दी जानकारी

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत कई सुधार किए गए हैं। साथ ही निजी निवेश को आकर्षित करने, खनिज संसाधनों का अधिकतम मूल्य संवर्धन सुनिश्चित करने और डाउनस्ट्रीम उद्योगों को विकसित करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी साझा की गई।

भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति

बैठक के दौरान DFC प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड की समृद्ध खनिज संपदा और निवेशोन्मुखी नीतियों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के खनिज एवं औद्योगिक क्षेत्रों में संभावित सहयोग और निवेश को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई। दोनों पक्षों ने मौजूदा नीतियों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप भविष्य में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

Read more

Local News