झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने तकनीकी स्नातक स्तरीय परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब अभ्यर्थी 20 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. फीस भुगतान और करेक्शन की भी नई तारीखें जारी की गई हैं.
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. आयोग ने ‘झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026’ (नियमित व बैकलॉग) के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है. इस संबंध में जेएसएससी के परीक्षा नियंत्रक की ओर से आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. इस फैसले से उन तमाम अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश अब तक अपना फॉर्म नहीं भर पाए थे.
संशोधित शेड्यूल के अनुसार, अब इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और अपनी सूचनाएं दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद परीक्षा शुल्क का भुगतान करने तथा अपनी फोटो और हस्ताक्षर (Photo & Signature) अपलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को 23 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि तक का समय दिया गया है. यदि आवेदन फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसमें ऑनलाइन संशोधन (Correction) करने के लिए 24 जुलाई से 27 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि तक वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध रहेगा.
विभिन्न विभागों में कुल 611 पदों पर होगी बंपर बहाली
आयोग द्वारा आयोजित की जा रही इस विशेष प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत नियमित (Regular) और बैकलॉग (Backlog) श्रेणी के कुल 611 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जानी है. परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा के भीतर ही अभ्यर्थी अपने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि इसके बाद दोबारा तिथि विस्तारित करने पर विचार नहीं किया जाएगा.


