रांची: जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के आरोपों और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को विधानसभा मार्च शुरू किया। बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में बैनर, तख्तियां और झंडे लेकर अपनी मांगों के समर्थन में विधानसभा की ओर बढ़े।
इस प्रदर्शन में विभिन्न छात्र और युवा संगठनों ने भी भागीदारी की। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) के कार्यकर्ता एवं छात्र मार्च में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ऐसे पोस्टर और बैनर भी थे, जिनमें भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक पर रोक लगाने की मांग की गई।
विधानसभा मार्च में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी शामिल हुईं। उन्होंने आंदोलन में भाग लेकर छात्रों के समर्थन का भरोसा जताया। छात्र संगठनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
