रांची: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जारी छात्र आंदोलन के बीच अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांति की अचानक तबीयत खराब हो गई। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए रांची के सदर अस्पताल ले जाया गया।
गौरतलब है कि परीक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार 13वें दिन भी जारी है। आंदोलन में शामिल कुछ छात्र आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इधर, आंदोलन को समर्थन देने के लिए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने शुक्रवार को विधानसभा मार्च और घेराव का कार्यक्रम घोषित किया है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के इसमें शामिल होने की संभावना जताई गई है।
विधानसभा मार्च को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
