पटना: बिहार सीएम NITISH KUMAR को भारत रत्न पुरस्कार देने की मांग एक बार फिर तेज हो गयी है. जदयू के राष्ट्रीय सचिव केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘पिछले साल जिस तरह से चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया गया. उसी तरह नीतीश कुमार भी इसके हकदार हैं.’
“बिहार और देश के प्रति नीतीश कुमार की सेवाओं को सम्मान देने का इससे अच्छा मौका नहीं हो सकता. नीतीश कुमार शुरू से राज्य में एनडीए को स्थापित करने, कर्पूरी ठाकुर के सपना को पूरा करने और गरीबों की सेवा में लगे रहे.” -केसी त्यागी, राष्ट्रीय सचिव, जदयू

10 वीं बार सीएम बने नीतीश कुमार: साल 2025 नवंबर में नीतीश कुमार ने 10वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. नीतीश कुमार ने सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड बनाया. बिहार में महागठबंधन की सरकार रही या फिर एनडीए की, नीतीश कुमार सीएम रहे हैं, हालांकि बार-बार पाला बदलने को लेकर आलोचना भी जमकर हुई है.
बिहार के विकास के लिए जरूरी: नीतीश कुमार के लंबे समय तक सीएम रहने और बिहार के विकास के लिए केसी त्यागी भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं. हालांकि अब तक ऐसा बहुत कम देखने को मिला है जब जीवित हस्ती को भारत रत्न से नवाजा गया हो.

इन जीवित हस्ती को मिला भारत रत्न: केसी त्यागी कहते हैं कि कई हस्तियों को जीवित रहते हुए भारत रत्न दिया गया है. इसमें जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, लता मंगेशकर और प्रवण मुखर्जी जैसे लोग शामिल हैं. इन सभी को जीवित रहते हुए भारत रत्न दिया गया. केसी त्यागी ने कहा कि उन्होंने पीएम को पत्र लिखकर जोरदार सिफारिश की है.

जनवरी में होती है घोषणा: बता दें कि साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री की ओर से भारत रत्न अवार्ड दिए जाने सिफारिश राष्ट्रपति को की जाती है. इसके बाद घोषणा की जाती है. पिछले साल बिहार के किसान नेता चौधरी चरण सिंह और पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा की गयी थी.
किसे मिलता है पुरस्कार: भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. इसकी शुरुआत 1954 में की गयी थी. यह पुरस्कार सभी व्यक्ति, जाति, व्यवसाय, पद और लिंग के भेदभाव के बिना दिया जाता है. इसमें प्राप्तकर्ता को राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र और तमगा दिया जाता है. इसमें कोई राशि नहीं दी जाती है.


